
खबर पड़ताल रिपोर्टर
रुद्रपुर। शहर के व्यस्ततम अग्रसेन चौक स्थित गौरव मुंजाल के प्रतिष्ठान मोबाइल मंत्र में गत रात्रि लाखों रुपये के मोबाइल फोन चोरी होने की घटना से व्यापारियों में भारी आक्रोश है। रुद्रपुर व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने इस घटना पर कड़ा रोष व्यक्त करते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
संजय जुनेजा ने कहा कि यह पहली बार नहीं है, बल्कि करीब 14 महीने पूर्व भी इसी दुकान में लाखों रुपये की चोरी हुई थी, लेकिन इतने लंबे समय के बाद भी पुलिस उस घटना का खुलासा नहीं कर पाई। अब एक बार फिर उसी प्रतिष्ठान में बड़ी चोरी हो जाना यह दर्शाता है कि चोरों के हौसले किस कदर बुलंद हैं और पुलिस की सतर्कता कितनी कमजोर है।
उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल द्वारा कई बार पुलिस प्रशासन से रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने, चीता मोबाइल की संख्या में इजाफा करने और बाजार क्षेत्रों में अतिरिक्त फोर्स तैनात करने की मांग की गई, लेकिन इन मांगों को लगातार नजरअंदाज किया गया। इससे यह स्पष्ट होता है कि पुलिस चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं को लेकर कितनी गंभीर है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष ने यह भी कहा कि रुद्रपुर में आए दिन आपराधिक घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस उन पर प्रभावी नियंत्रण लगाने में असफल साबित हो रही है। इस स्थिति के चलते व्यापारियों में भय का माहौल बनता जा रहा है, जो समाज और व्यापारिक गतिविधियों दोनों के लिए शुभ संकेत नहीं है।
संजय जुनेजा ने पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि मोबाइल मंत्र में हुई चोरी की घटना का शीघ्र पर्दाफाश किया जाए, साथ ही रात्रिकालीन गश्त को प्रभावी बनाते हुए बाजार क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए, ताकि व्यापारियों और आम जनता में सुरक्षा का विश्वास कायम हो सके।










