
काशीपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देशन में जिले में अपराधियों और गिरोहबंद तत्वों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी है। गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित एक अभियुक्त को कोतवाली आईटीआई पुलिस और एसओजी काशीपुर की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 10 मार्च 2026 को थाना आईटीआई में एफआईआर संख्या 71/2026, धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया था। इस प्रकरण में लोक व्यवस्था को प्रभावित करने वाले एक गिरोह के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए पुलिस पहले ही चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर चुकी है, जिन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया था।इसी क्रम में मुकदमे में वांछित चल रहे अभियुक्त विमल कुमार पुत्र महिपाल सिंह (32 वर्ष) निवासी ग्राम जलालपुर खालसा, थाना डिलारी, तहसील ठाकुरद्वारा, जनपद मुरादाबाद को 13 मार्च 2026 को कोतवाली आईटीआई पुलिस एवं एसओजी काशीपुर की संयुक्त टीम द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। वहीं पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगा।










