
हल्द्वानी. Veteran Signals Welfare Association (VSWA), कुमाऊँ क्षेत्र के तत्वावधान में Corps of Signals का 116वाँ स्थापना दिवस पहली बार कुमाऊँ क्षेत्र में अत्यंत हर्ष, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में श्री श्री गणपति बैंक्वेट हॉल, नियर मुखानी, हल्द्वानी में भव्य रूप से मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक (वेटरन),उनके परिवारजन, वीर नारियाँ तथा बच्चों ने सहभागिता कर कार्यक्रम को यादगार बनाया।कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसका नेतृत्व कार्यक्रम के अध्यक्ष कर्नल एवं श्रीमती जगत सिंह जंतवाल (से.नि.) ने किया। इसके पश्चात सिग्नल्स कॉर्प्स का प्रेरणादायी गीत सामूहिक रूप से गाया गया, जिसने उपस्थित सभी सदस्यों में गौरव, एकता एवं सैन्य परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना को और सुदृढ़ किया।
अपने संबोधन में कर्नल जंतवाल (से.नि.) ने संगठन की गतिविधियों, उद्देश्यों तथा पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों के कल्याण हेतु किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल सैन्य विरासत को जीवित रखते हैं, बल्कि वेटरन समुदाय के बीच आपसी समन्वय, सहयोग एवं भाईचारे को भी मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों एवं परिवारजनों के लिए सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ एवं सहभागिता गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिससे पूरे समारोह में उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा। अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए संगठन को और अधिक सशक्त एवं संगठित बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।कार्यक्रम में संगठन की कार्यकारिणी के प्रमुख सदस्य -कर्नल जगत सिंह जंतवाल (से.नि.), सूबेदार मेजर अर्जुन भंडारी (से.नि.), सूबेदार मेजर एवं हॉनरी कैप्टन रणजीत सिंह मेहता (से.नि.), सूबेदार मेजर दीपक पंत (से.नि.), हॉनरी कैप्टन अर्जुन परिहार (से.नि.), हवलदार पुष्कर मेहरा (से.नि.), सूबेदार जितेंदर मेहरा (से. नि.), हॉनरी कैप्टन ए.के. पांडे (से.नि.), सूबेदार दीगर सिंह (से.नि.) सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
यह आयोजन कुमाऊँ क्षेत्र में पूर्व सैनिकों की एकजुटता, गौरवशाली सैन्य परंपराओं एवं सामाजिक समरसता का प्रतीक बनकर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।











