दिवंगत ट्रेड यूनियन लीडर व ऐक्टू के प्रदेश अध्यक्ष कॉमरेड निशान सिंह को श्रद्धांजलि देने हेतु भाकपा(माले) व ऐक्टू की ओर से नगर निगम हॉल में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। 2 मिनट का मौन रखकर व पुष्पांजलि देकर तमाम वामपंथी , मजदूर व सामाजिक संगठनों ने उन्हें निशान सिंह को श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए भाकपा(माले) के पोलित ब्यूरो सदस्य कॉमरेड संजय शर्मा ने कहा कि कॉमरेड निशान सिंह के जाने से तराई क्षेत्र में मजदूर आंदोलन व वामपंथ को गहरा आघात लगा है। मेहनतकश वर्ग ने अपना महत्वपूर्ण पथ प्रदर्शक खोया है। आज के दौर में जब समाज और मेहनतकश वर्ग फासीवाद के चंगुल में फंसा है तो उस चंगुल से निकलने का रास्ता बताने वाले हमारे प्यारे कॉमरेड निशान सिंह का जाना बहुत खलता है।
भाकपा (माले) की केंद्रीय कमेटी सदस्य कॉमरेड कृष्णा अधिकारी ने कहा कि वो हमेशा मजदूर किसानों को एक राजनीतिक दृष्टि प्रदान करने के प्रयासरत रहे। समाज के सभी हिस्से से उनका अच्छा संवाद रहा। आज जब सरकार लोकतंत्र को खत्म करने की पूरी कोशिश कर रही है तब वे बताते थे सभी तरह के राजनीतिक विचारों का सम्मान किस तरह करना है। एक सरल जीवन और क्रांतिकारी विचार के प्रति समर्पण उनका जीवन रहा। उनका जाना तराई के 60के दशक से लेकर आज के दौर तक के एक संघर्षशील जीवन के महत्वपूर्ण अध्याय का जाना है। उनकी समृति वामपंथी आंदोलन से लेकर नागरिक समाज को नई ऊंचाइयों के लिए प्रेरित करती रहेगी।
भाकपा माले के राज्य सचिव कॉमरेड इन्द्रेश मैखुरी ने कहा कि कॉमरेड निशान सिंह तराई के संघर्ष की महत्वपूर्ण व्यक्तित्व रहे। युवा अवस्था में ही क्रांतिकारी चेतना से परिपूर्ण होकर किसानों , मजदूरों के आंदोलन के मददगार बने। सरकारी शिक्षक नेता के रूप में उन्होंने अविभाजित यूपी में प्रांतीय नेतृत्व व उत्तराखंड में प्राथमिक शिक्षक यूनियन के प्रांतीय अध्यक्ष का यादगार दौर स्थापित किया। रिटायरमेंट के बाद उनकी नई सक्रियता मजदूर आंदोलन यूनियन ऐक्टू के प्रदेश अध्यक्ष के रूप दिखाई दी।
तत्पश्चात वयोवृद्ध कम्युनिस्ट नेता कॉमरेड बहादुर सिंह जंगी ने क्रांतिकारी विदाई गीत पेश किया। श्रद्धांजलि सभा का संचालन ऐक्टू प्रदेश महामंत्री कॉमरेड केके बोरा ने किया।
श्रद्धांजलि सभा में कॉमरेड निशान सिंह को याद करते हुए उनकी बेटी बार काउंसिल सदस्य अमनदीप कौर, उनकी वैज्ञानिक बेटी नवनीत कौर, उनका बेटा निशांत सिंह, डॉ कैलाश पाण्डेय, गिरिजा पाठक, बहादुर सिंह जंगी, किसान महासभा के राष्ट्रीय सचिव कॉमरेड पुरुषोत्तम शर्मा, राज्य अध्यक्ष आंनद नेगी, राजेंद्र चौहान, ऐक्टू जिलाध्यक्ष दिनेश तिवारी, सीपीएम नेता राजेंद्र सिंह, क्रालोस के शिवदेव, किसान सभा के नेता जगीर सिंह, शंकर चक्रवर्ती, पत्रकार महेंद्र मौर्या, रूपेश कुमार सिंह, असलम कोहरा, गुरविंदर गिल, शोभना, ऐक्टू के निरंजन लाल, शिक्षक नेता यतीश पंत व मोहन राम विजय कुमार, रविन्द्र कौर, डॉक्टर प्रतिभा सहित कई लोगों ने संबोधित किया।
सभा में कमलेश कार्की, मनोज आर्य, कार्तिक सरकार, अचिन्तो मंडल, रविन्द्र पाल, इमके नेता दिनेश भट्ट , ललित मटियाली , ज्ञानी सुरेन सिंह, आइसा के राज्य सचिव धीरज , केहरी सिंह, जीशान, प्रीति मौर्य, सुगंधा, शिखा खत्री, अस्मिता शाही, दीपिका भारती, अयोध्या प्रसाद भारती, जोगेंद्र लाल, वीरभद्र भंडारी, हरीश जोशी, समेत सैकड़ों लोग शामिल रहे।
