उधम सिंह नगर।जीएसटी विभाग द्वारा ट्रांसपोर्टरों पर की जा रही लगातार कार्रवाई से परिवहन व्यवसाय प्रभावित होने लगा है। ट्रांसपोर्टरों का आरोप है कि विभाग द्वारा चेकिंग के नाम पर वाहनों को कई-कई दिनों तक चेक पोस्ट पर खड़ा किया जा रहा है, जिससे माल की समय पर डिलीवरी नहीं हो पा रही है उन्होंने यह भी बताया कि कुछ फेसबुककिया पत्रकार की भ्रमित करने वाली शिकायत पर यह सब किया जा रहा है, जिनका खामियाजा ट्रांसपोर्टर सहित आम जनमानस को भी भुगतना पड़ रहा है,उधम सिंह नगर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार जीएसटी विभाग कुमाऊं क्षेत्र में लगातार ट्रांसपोर्टरों के वाहनों की जांच कर रहा है। जिसमें किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी भी नहीं मिल रही है एसोसिएशन का कहना है कि विभाग की इस कार्रवाई में अधिकांश मामलों में कोई बड़ी अनियमितता सामने नहीं आ रही, इसके बावजूद वाहनों को रोके रखा जा रहा है, जिससे ट्रांसपोर्टरों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि कई बार माल से भरे वाहन चेक पोस्ट पर लंबे समय तक खड़े रहने के कारण व्यापारियों की डिलीवरी प्रभावित हो रही है। इससे बाजार में सामान की उपलब्धता पर असर पड़ रहा है और उपभोक्ताओं को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समय पर माल नहीं पहुंचने से व्यापारियों को भी अतिरिक्त खर्च वहन करना पड़ रहा है।ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि विभाग द्वारा की जा रही इस तरह की कार्रवाई से परिवहन व्यवसाय पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। एसोसिएशन ने प्रशासन से मांग की है कि जांच प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध बनाया जाए, ताकि ट्रांसपोर्टरों, व्यापारियों और आम जनता को अनावश्यक परेशानियों से बचाया जा सके।ट्रांसपोर्टरों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे इस मामले को लेकर आगे की रणनीति बनाने को मजबूर होंगे।

