Spread the love



रुद्रपुर। पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता राजकुमार ठुकराल ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों द्वारा फर्जी पहचान बनाकर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तकनीक का दुरुपयोग करते हुए उनके खिलाफ दुष्प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एआई के माध्यम से उनके फर्जी चित्र तैयार कर उनकी सामाजिक और राजनीतिक छवि को धूमिल करने का प्रयास किया गया है। ठुकराल ने कहा कि मामले की शिकायत पुलिस अधिकारियों से किए जाने के बावजूद अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने अब उच्च न्यायालय में अपना पक्ष रखने और संबंधित पुलिस अधिकारियों से जवाब मांगने की बात कही है।
मीडिया से बातचीत में ठुकराल ने कहा कि ‘संदीप सिंह’ और ‘बिट्टू ठुकराल’ नाम से बनाई गई कथित फर्जी पहचान के माध्यम से एआई तकनीक का गलत इस्तेमाल कर उनके चित्र तैयार किए गए और उन्हें प्रसारित किया गया। उनका आरोप है कि ‘संदीप सिंह’ नाम की कथित फर्जी पहचान से एआई के जरिए उन्हें गोल टोपी पहने हुए दिखाया गया, जबकि ‘बिट्टू ठुकराल’ नाम की कथित फर्जी पहचान में ‘आरकेटी’ लिखा डंपर दिखाया गया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के चित्रों के जरिए समाज में उनकी छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है।
ठुकराल ने कहा कि वह समाज के सभी धर्मों का सम्मान करते हैं और स्वयं को सनातन धर्म में आस्था रखने वाला हिंदू मानते हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले में वह पूर्व में एसएसपी, एसपी, सीओ, एलआईयू तथा साइबर अपराध कार्यालय में शिकायत कर चुके हैं। उनका कहना है कि शिकायत के बावजूद लंबा समय बीतने के बाद भी उन्हें न्याय नहीं मिला।
पूर्व विधायक ने एआई तकनीक के बढ़ते दुरुपयोग पर चिंता जताते हुए कहा कि तकनीक का इस्तेमाल किसी व्यक्ति की छवि खराब करने और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के लिए किया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग एआई के माध्यम से लोगों को नुकसान पहुंचाने अथवा आत्महत्या जैसी परिस्थितियों के लिए मजबूर करने का प्रयास कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि एआई के दुरुपयोग को देखते हुए दुनिया के कई देशों में इसके नियमन को लेकर गंभीरता से कदम उठाए जा रहे हैं।
ठुकराल ने कहा कि एआई के माध्यम से उन्हें कुर्सी के साथ दिखाते हुए भी कथित चित्र प्रसारित किए गए हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2022 में उनके राजनीतिक भविष्य को समाप्त करने का प्रयास किया गया था। इसके बावजूद उन्होंने भाजपा के साथ विश्वासघात नहीं किया। उन्होंने कहा कि उनके पास कांग्रेस का टिकट था, लेकिन उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में विधानसभा चुनाव लड़ा और करीब तीन वर्ष तक इंतजार करते रहे।
नगर निगम चुनाव का जिक्र करते हुए ठुकराल ने आरोप लगाया कि उस चुनाव में भी उनके साथ धोखा किया गया। उन्होंने कहा कि यदि वह और उनके भाई संजय ठुकराल नगर निगम चुनाव में भाजपा प्रत्याशी विकास शर्मा के समर्थन में सामने नहीं आते तो विकास शर्मा महापौर नहीं बन पाते।
भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए ठुकराल ने कहा कि मौजूदा समय में महंगाई काफी बढ़ गई है और रसोई का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है। वहीं, किच्छा और सिरौलीकलां में प्रस्तावित निकाय चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी उन्हें जो भी जिम्मेदारी या निर्देश देगी, वह उसका पालन करेंगे।

You cannot copy content of this page