
सितारगंज:(अश्वनी दीक्षित) नगर के प्रतिष्ठित दशमेश एकेडमी विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सत्र 2025–2026 की वार्षिक परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन कर दिया और एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल बन गया, जहां मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न कक्षाओं के छात्रों ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। सातवीं कक्षा की छात्रा कुं. प्रतिज्ञा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विशेष उपलब्धि हासिल की, वहीं आठवीं कक्षा के छात्र रोहित मौर्य, छठी कक्षा की छात्रा आराध्या, पांचवीं कक्षा की छात्रा प्रकृति, चौथी कक्षा की छात्रा मुस्तबा, तीसरी कक्षा की छात्रा नूरी, दूसरी कक्षा की छात्रा आरोही तथा पहली कक्षा से तिरदेव, आरम, मोहि नूर और आलीशा अपने-अपने वर्ग में अव्वल रहे और सभी ने अपने अभिभावकों को गौरवान्वित किया। विद्यालय के प्रबंधक सरदार बलविंदर सिंह ने बताया कि आरटीई के तहत पढ़ने वाली छात्रा कुं. प्रतिज्ञा ने रानीखेत स्थित सैनिक स्कूल घोड़ा खाल में पांचवीं कक्षा उत्तीर्ण कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है, जो विद्यालय के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि दशमेश एकेडमी का उद्देश्य केवल परीक्षा परिणाम तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को अनुशासन, संस्कार और उज्ज्वल भविष्य की दिशा देना भी है। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई को जीवन की पहली प्राथमिकता बनाने का आह्वान किया और अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों पर विशेष ध्यान दें, उन्हें मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से दूर रखें तथा नशे जैसी बुराइयों से बचाते हुए सकारात्मक वातावरण प्रदान करें, ताकि बच्चे शिक्षा और संस्कार दोनों में आगे बढ़ सकें।गुरु तेग बहादुर वेलफेयर सोसायटी के सदस्य सोप्रीत सिंह भाटिया ने 11 रुपए बेतोर बच्चों को इनाम के रूप में दिए।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रशासन द्वारा सभी उत्तीर्ण एवं मेधावी छात्र-छात्राओं को अंकतालिका के साथ स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान अभिभावकों और शिक्षकों ने बच्चों की उपलब्धियों पर खुशी जताई और पूरे विद्यालय परिसर में तालियों और उत्साह की गूंज सुनाई दी, जिससे कार्यक्रम यादगार बन गया।











