Spread the love


रुद्रपुर स्थित पुलिस कार्यालय में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों थाना और शाखा प्रभारियों सहित पुलिस कर्मियों के साथ मासिक अपराध समीक्षा बैठक और सम्मेलन किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस कर्मियों की विभागीय व्यक्तिगत और पारिवारिक समस्याओं की जानकारी लेकर उनके समाधान के निर्देश दिए।
बैठक में सभी थाना प्रभारियों और विवेचकों को दर्ज अपराधों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। लंबित विवेचनाओं की नियमित समीक्षा करने तथा विवेचकों की व्यक्तिगत जवाबदेही तय करने के लिए पुलिस उपाधीक्षकों और थाना प्रभारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
एसएसपी ने बीट अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर जनता से सीधा संवाद स्थापित करने और महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही बाहरी व्यक्तियों और किरायेदारों का शत प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने तथा साइबर ठगी से बचाव के लिए स्कूल कॉलेज और आम जनता के बीच जागरूकता गोष्ठियां आयोजित करने को कहा गया।
बैठक में हिस्ट्रीशीटरों की लगातार निगरानी रखने सक्रिय अपराधियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने और अवैध मादक पदार्थों तथा अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे अभियानों का शत प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने को कहा। ऑपरेशन प्रहार और ऑपरेशन लगाम के तहत अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल आरोपियों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक तलाश कर उनके खिलाफ गुंडा एक्ट गैंगस्टर एक्ट और पिट एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करने तथा हिस्ट्रीशीट खोलने के निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में उत्कृष्ट और सराहनीय कार्य करने वाले 18 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

You missed

You cannot copy content of this page