Spread the love


नैनीताल। शहर के कलेक्ट्रेट पार्किंग क्षेत्र में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कार के भीतर अधिवक्ता पूरन सिंह भाकुनी का शव संदिग्ध अवस्था में मिला। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अधिवक्ता द्वारा स्वयं को गोली मारकर आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि पार्किंग में खड़ी कार से अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों का ध्यान उस ओर गया। जब लोगों ने कार के भीतर देखा तो अधिवक्ता खून से लथपथ अवस्था में पड़े मिले।
घटना की सूचना पार्किंग संचालक द्वारा पुलिस और अधिवक्ताओं को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार का निरीक्षण किया। कार के भीतर अधिवक्ता का शव मिलने के साथ ही उनके हाथ में पिस्टल भी बरामद हुई। वहीं, कार के डैशबोर्ड से एक संदिग्ध सुसाइड नोट मिलने की भी जानकारी सामने आई है।
सूत्रों के अनुसार सुसाइड नोट में बीमारी से परेशान होने और जीवन से निराशा का उल्लेख किया गया है। हालांकि पुलिस द्वारा अभी तक सुसाइड नोट की सामग्री की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जो साक्ष्य जुटाने में जुटी हुई है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। सुसाइड नोट और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच में सहयोग करने की अपील की है।

You cannot copy content of this page