Spread the love

  • महापौर ने नगर निगम में वरिष्ठ नागरिकों को किया सम्मानित

रुद्रपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर नगर निगम सभागार में वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महापौर विकास शर्मा ने शहर के वरिष्ठ नागरिकों का फूल-मालाओं से स्वागत एवं अभिनंदन किया तथा शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर विकास शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक केवल परिवार के बुजुर्ग नहीं, बल्कि समाज की जीवंत धरोहर और अनुभवों के भंडार हैं। उन्होंने अपने जीवन में अनेक परिस्थितियों, संघर्षों और बदलावों को देखा है। उनके अनुभवों में आने वाली पीढ़ियों के लिए सीख, मार्गदर्शन और जीवन को बेहतर ढंग से समझने की क्षमता छिपी है। इसलिए समाज में वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि हमारी सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी है।

महापौर ने कहा कि आज के बदलते सामाजिक परिवेश में परिवारों की संरचना और जीवनशैली में काफी बदलाव आया है। ऐसे समय में वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव नई पीढ़ी को संस्कार, परंपराओं और जीवन के व्यावहारिक पहलुओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। बच्चों और युवाओं को चाहिए कि वे अपने बुजुर्गों के साथ समय बिताएं, उनके अनुभव सुनें और उनके जीवन संघर्षों से प्रेरणा लें।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण और सामाजिक सुरक्षा को लेकर लगातार कार्य कर रही है। वृद्धावस्था पेंशन योजना के माध्यम से बुजुर्गों को आर्थिक सहारा दिया जा रहा है। अब पति-पत्नी दोनों को वृद्धावस्था पेंशन का लाभ मिलने से बुजुर्ग दंपतियों को अपनी रोजमर्रा की आवश्यकताओं को पूरा करने में अतिरिक्त आर्थिक संबल मिल रहा है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए सरकार का दृष्टिकोण केवल पेंशन तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, सम्मान और बेहतर जीवन से जुड़ी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। महापौर ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस केवल बुजुर्गों के सम्मान का अवसर नहीं है, बल्कि यह समाज को अपनी जिम्मेदारियों का स्मरण कराने वाला दिन भी है। वरिष्ठ नागरिकों को यह महसूस होना चाहिए कि वे समाज के लिए आज भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं और उनके अनुभवों की आवश्यकता आने वाली पीढ़ी को है।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में रुद्रपुर को विकास की नई दिशा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। शहर में आने वाले समय में कई महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कार्य धरातल पर दिखाई देंगे। नगर निगम अब केवल बुनियादी सुविधाओं तक सीमित संस्था नहीं रह गया है, बल्कि शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं, सामाजिक सरोकारों और नई पीढ़ी के भविष्य को ध्यान में रखते हुए बहुआयामी रूप से कार्य कर रहा है।

उन्होंने कहा कि युवाओं को बेहतर अवसर और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किच्छा बाईपास रोड पर डिजिटल लाइब्रेरी का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। डिजिटल लाइब्रेरी के साथ ट्रेनिंग सेंटर और सुंदर पार्क विकसित करने की भी योजना है। यहां युवाओं को अध्ययन, प्रशिक्षण और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा।

महापौर ने कहा कि इस परिसर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी विशेष व्यवस्थाएं की जाएंगी। उनके बैठने के लिए पर्याप्त स्थान, मनोरंजन और गेम्स जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी, ताकि बुजुर्ग अपने फुर्सत के क्षण वहां सहजता से बिता सकें। सबसे महत्वपूर्ण बात यह होगी कि एक ही परिसर में युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों के बीच संवाद का अवसर पैदा होगा। वरिष्ठ नागरिक अपने जीवन के अनुभव, ज्ञान और व्यवहारिक समझ युवाओं के साथ साझा कर सकेंगे, जबकि युवा पीढ़ी आधुनिक तकनीक और नई सोच के माध्यम से बुजुर्गों से संवाद स्थापित कर सकेगी।

उन्होंने कहा कि शहर के वरिष्ठ नागरिकों के अनुभवों का उपयोग रुद्रपुर के विकास और जनहित के कार्यों में किया जाएगा। वरिष्ठ नागरिकों के सुझावों को सम्मान के साथ सुना जाएगा और शहर की आवश्यकताओं से जुड़े विषयों पर उनके मार्गदर्शन को महत्व दिया जाएगा। महापौर ने कहा कि शहर के वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान और उनकी भागीदारी नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। वरिष्ठ जन जब भी शहरहित में कोई सुझाव देंगे या आवश्यकता महसूस करेंगे, नगर निगम उनके साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों का आशीर्वाद और मार्गदर्शन शहर के विकास के लिए हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।

कार्यक्रम में भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, पार्षद राजेश जग्गा सहित वरिष्ठ नागरिक वंश गोपाल यादव, जीएल दुर्गापाल, परमहंस सिंह, नरेंद्र कौर, भारत दर्शन गोस्वामी, एसएल कन्याल, डॉ. आरसी जैन, मोहन सिंह बिष्ट, सत्यप्रकाश यादव, लीलांबर जोशी, होशियार कोली, सोहन लाल कोली, देवेंद्र कुमार आर्य, विजय कुमार शर्मा, रमेश कुमार गांधी, गिरीश चंद्र जोशी, वीपी चौधरी, डॉ. एलएम उप्रेती, दुर्गादत्त जोशी, सुरेशानंद जुयाल, उपेंद्र कुमार सक्सेना, गौरीशंकर सिंह, शबाहत हुसैन, वजहात हुसैन, गोपाल सिंह चौहान, विजय पाल सिंह, गौरेंद्र मधुकर चतुर्वेदी, अनिल चौधरी, समीर राय, सत्यवीर सिंह, दर्शन सिंह, लीलाधर भट्ट, विपिन चंद्र पंत, अनिल कुमार, देवकी जोशी, सुमन रौतेला आदि समेत बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।

You missed

You cannot copy content of this page