Spread the love

जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देश पर अपर ज़िलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा की अध्यक्षता में बुधवार को डॉ.एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई।

सड़क सुरक्षा समिति की बैठक लेते हुए अपर ज़िलाधिकारी ने बरसात के बाद सड़क मार्गों को गड्डा मुक्त करने हेतु चिन्हीकरण करते हुए बजट की माँग तय समय पर भेजने के निर्देश सड़क निर्माण से जुड़े विभागों को दिए। सड़क सुरक्षा को देखते हुए एडीएम ने सर्विस लेन पर अवैध रूप से खड़े वाहनों व अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए,साथ ही परिवहन विभाग और एनएचएआई को टोल प्लाजा पर ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त चालानी कार्रवाई के निर्देश दिए।

सड़क सुरक्षा के लिए पुलिस द्वारा चिह्नित 12 स्थानों पर कैमरे स्थापित करने तथा अन्य 30 स्थानों पर एनओसी प्राप्त कर जल्द से जल्द कैमरे लगाने की प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया। एनएचएआई द्वारा चिह्नित 40 ब्लैक स्पॉट्स में से 38 का सुधार कार्य पूरा कर लिया गया है। अवशेष 2 ब्लैक स्पॉट्स को भी शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए।एडीएम ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर नो हेलमेट,नो पेट्रोल के नियम को सख्ती से लागू कराया जाए। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्गों पर दोपहिया वाहनों की आवाजाही के लिए अनधिकृत रूप से खोले गए कटों को दुर्घटना रोकने के उद्देश्य से बंद करने का निर्णय लिया गया। एडीएम ने प्रधानमंत्री राहत योजना की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए टोल प्लाजा और तहसील स्तर पर फ्लेक्सी स्थापित करने के निर्देश दिए।

अपर जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा को प्रत्येक नागरिक के जीवन से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय बताते हुए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक में एसपी सिटी डॉ.उत्तम सिंह नेगी, ईई गजेंद्र सिंह,एआरटीओ नवीन सिंह,मोहित कोठारी,सोनू गुप्ता,राहुल शर्मा,एजीएम अशोक शर्मा,रणदीप एएमए कमलेश सिंह बिष्ट,कपूर चंद सहित अन्य अधिकारी वर्चुअल जुड़े थे।

You cannot copy content of this page