नानकमत्ता। गुरुद्वारा नानकमत्ता साहिब की प्रबंधन समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विकास कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। गुरुद्वारा साहिब के अध्यक्ष सरदार जोगिंदर सिंह और महासचिव सरदार अमरजीत सिंह के नेतृत्व में परिसर में चौमुखी विकास कार्यों को गति मिली है।महासचिव सरदार अमरजीत सिंह ने बताया कि गुरुद्वारा साहिब में कराए जा रहे सभी कार्य आम जनता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखकर किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय से कार पार्किंग की समस्या बनी हुई थी, जिसके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं। जल्द ही नई कार पार्किंग बनकर तैयार हो जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिलेगी।वहीं, अध्यक्ष सरदार जोगिंदर सिंह ने बताया कि गुरुद्वारा साहिब आने वाले श्रद्धालुओं को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए वॉटर प्यूरीफायर लगाने का कार्य भी कराया जा रहा है। इसके अलावा मेले के दौरान लगने वाली दुकानों के स्थान पर मिट्टी भरान कर भूमि को ऊंचा किया जाएगा, ताकि बरसात के मौसम में वहां जलभराव की समस्या न हो।उन्होंने कहा कि गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के सभी सदस्यों का उन्हें पूरा सहयोग मिल रहा है, जिसके चलते विभिन्न जनहित और श्रद्धालु हित के कार्य सफलतापूर्वक संपन्न कराए जा रहे हैं। समिति का उद्देश्य गुरुद्वारा साहिब में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और परिसर का समग्र विकास सुनिश्चित करना है।


