Spread the love

वार्ड नंबर 11 में राष्ट्रीय महासचिव शिल्पी अरोड़ा की पहल, एक वर्ष तक निःशुल्क सेनेटरी पैड उपलब्ध कराने का संकल्प

गदरपुर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के जन्मदिवस के अवसर पर वार्ड नंबर 11, गदरपुर में महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य जागरूकता को समर्पित एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव शिल्पी अरोड़ा ने बच्चों के साथ केक काटकर राहुल गांधी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं तथा प्रियदर्शिनी उड़ान योजना का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के अंतर्गत बालिकाओं और महिलाओं को निःशुल्क सेनेटरी पैड वितरित किए गए। इस अवसर पर शिल्पी अरोड़ा ने घोषणा की कि वार्ड नंबर 11 की जरूरतमंद किशोरियों एवं महिलाओं को आगामी एक वर्ष तक निःशुल्क सेनेटरी पैड उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़े और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं को राहत मिल सके। शिल्पी अरोड़ा ने कहा कि राहुल गांधी सदैव महिलाओं के सम्मान, समानता और सशक्तिकरण की आवाज़ बुलंद करते रहे हैं। उनके जन्मदिवस पर समाज सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करना उनके विचारों को आगे बढ़ाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि मासिक धर्म कोई बीमारी नहीं बल्कि एक प्राकृतिक प्रक्रिया है और इसके प्रति समाज में फैली झिझक एवं भ्रांतियों को दूर करना आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को सेनेटरी पैड के सही उपयोग, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा सुरक्षित निस्तारण के बारे में भी जानकारी दी गई। उपस्थित महिलाओं ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि बढ़ती महंगाई के दौर में निःशुल्क सेनेटरी पैड उपलब्ध होना उनके लिए बड़ी राहत है। वार्ड सभासद विनीता चौधरी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रियदर्शिनी उड़ान योजना से बालिकाओं को शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में आगे बढ़ने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए शिल्पी अरोड़ा ने सभासद विनीता चौधरी, नगर अध्यक्ष सिद्धार्थ भूसरी, ब्लॉक अध्यक्ष चंदन नयाल, मिक्की भगत, सुनीता हुड़िया, अजय गाबा, शाकिर अली, सतजीत सिंह गुलाटी, रामविलास गुरुजी, ब्रजेश चौधरी बिल्लन सहित सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी लोगों ने राहुल गांधी के स्वस्थ, दीर्घायु एवं सफल सार्वजनिक जीवन की कामना की तथा महिलाओं के स्वास्थ्य और सम्मान के लिए ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम निरंतर चलाने का संकल्प लिया।

You cannot copy content of this page