पुलभट्टा। सिरौली कला में होने वाले प्रथम नगर पालिका चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने को लेकर थाना पुलभट्टा में क्षेत्रवासियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक थाना प्रभारी उमेश कुमार के नेतृत्व में हुई।
थाना प्रभारी ने उपस्थित लोगों से चुनाव के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह, विवाद अथवा माहौल बिगाड़ने वाली गतिविधि से बचें। उन्होंने लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से मतदान प्रक्रिया में भाग लेने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान क्षेत्रवासियों ने अपनी विभिन्न समस्याएं पुलिस के समक्ष रखीं। साथ ही चुनाव में पैसा, शराब अथवा किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ बांटकर मतदाताओं को प्रभावित करने की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई। लोगों ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति इस तरह की गतिविधि में लिप्त पाया जाता है तो उसकी सूचना पुलिस को तत्काल दी जाएगी।क्षेत्रवासियों ने कहा कि सिरौली कला का यह पहला नगर पालिका चुनाव है, इसलिए सभी प्रत्याशियों एवं समर्थकों को आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए चुनाव संपन्न कराना चाहिए। थाना प्रभारी ने भी लोगों को भरोसा दिलाया कि कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।बैठक में गुड्डू मलिक, पूर्व नासिर, प्रधान फैजान, फरमान सहित सिरौली कला के कई लोग मौजूद रहे।
