रुद्रपुर। वार्ड नंबर 25 फाजलपुर मेहरौला के दर्जनों नागरिकों ने पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में लोक विहार कॉलोनी, बराड़ नगर एवं अपना एंक्लेव में व्याप्त समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदोरिया तथा अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय से कलेक्ट्रेट में भेंट कर ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान ठुकराल ने बताया कि उक्त कॉलोनियों में मकानों की रजिस्ट्री व दाखिल-खारिज होने के बावजूद वर्ष 2018 में जिलाधिकारी के आदेश के तहत खरीद-फरोख्त पर रोक लगा दी गई है। साथ ही रजिस्ट्री, नए विद्युत एवं जल संयोजन पर भी प्रतिबंध लगा हुआ है, जिससे क्षेत्रवासी भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकारी तंत्र एवं जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा के कारण वार्ड नंबर 25 फाजलपुर मेहरौला के लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं और मानसिक तनाव झेल रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नगर निगम रुद्रपुर का हिस्सा होने के बावजूद यह क्षेत्र विकास से कोसों दूर है और मानो उत्तराखंड के मानचित्र से अलग-थलग पड़ा हुआ है।
प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक ठुकराल के साथ राजवीर सिंह, गुरमीत सिंह, तरसेम सिंह, डॉ. पी.पी. यादव, एस.एस. यादव, विजय दानी, मनवीर सिंह, बिक्रमजीत सिंह, शाकिर अली (सज्जू), पीयूष शर्मा, बलविंदर सिंह, सुखदेव सिंह, गिरजा शंकर पांडे, हरप्रीत सिंह, वैभव, देवेंद्र सिंह, यश पाठक, चंकीरत सिंह, हर्ष रावल, बलवीर सिंह, वीरेंद्र सिंह, राजेंद्र प्रसाद, सुखदेव सिंह चंदी, कुलदीप सिंह, चंदन सिंह रौतेला, महेश जोशी, प्रभाकर पांडे, संदीप वर्मा, हरजीत सिंह, लखविंदर सिंह, ललित सिंह बिष्ट सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।
