- रुद्रपुर के कायाकल्प के लिए महापौर विकास शर्मा की पीठ थपथपाई
रुद्रपुर। भारतीय जनता पार्टी की दो दिवसीय प्रांतीय प्रशिक्षण कार्यशाला के समापन के उपरांत संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष ने रुद्रपुर को एक नई आध्यात्मिक पहचान देने वाले ‘त्रिशूल चौक’ का अवलोकन किया। कार्यशाला से लौटते समय उन्होंने चौक पर स्थापित भव्य त्रिशूल पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। इस अवसर पर उनके साथ प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार भी मुख्य रूप से मौजूद रहे। त्रिशूल चौक की अनुपम सुंदरता और इसके पीछे की सोच से प्रभावित होकर राष्ट्रीय महामंत्री ने महापौर विकास शर्मा की सराहना की और इस अनुकरणीय पहल के लिए उन्हें बधाई दी।
अवलोकन के दौरान राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष ने कहा कि रुद्रपुर जैसे तेजी से विकसित होते शहर को उसकी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक जड़ों से जोड़ना एक उत्कृष्ट दूरदर्शिता है। उन्होंने कहा कि देवभूमि के इस महत्वपूर्ण शहर में त्रिशूल चौक की स्थापना न केवल स्थानीय नागरिकों में गौरव का भाव पैदा करेगी, बल्कि यहाँ आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए भी एक बड़ा आकर्षण का केंद्र बनेगी। प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने भी महापौर के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संगठन हमेशा ऐसे जनहित और सांस्कृतिक चेतना के कार्यों को प्रोत्साहित करता है, जो शहर के गौरव को बढ़ाने का काम करते हैं।
इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने राष्ट्रीय महामंत्री को शहर के आगामी विकास योजनाओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि भगवान रुद्र के नाम पर बसे इस ऐतिहासिक शहर को उनके नाम के अनुरूप ही एक भव्य आध्यात्मिक स्वरूप देने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। इसी कड़ी में त्रिशूल चौक के बाद अब बहुत जल्द शहर के एक और प्रमुख चौराहे को ‘डमरू चौक’ के रूप में विकसित किया जाएगा। महापौर ने अत्यंत उत्साह के साथ यह भी साझा किया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विशेष आशीर्वाद से रुद्रपुर शहर में एक भव्य और विशाल ‘शिव कॉरिडोर’ की स्थापना को मंजूरी मिल चुकी है। यह कॉरिडोर आने वाले समय में रुद्रपुर शहर को संपूर्ण देश में एक नई और विशिष्ट पहचान दिलाएगा।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि इस प्रस्तावित शिव कॉरिडोर में भगवान शिव की एक विशाल और भव्य मूर्ति स्थापित की जाएगी। इसके साथ ही इस पूरे परिसर को एक दिव्य और आध्यात्मिक ऊर्जा केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जहाँ आकर लोग मानसिक शांति और भक्ति का अनुभव कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास रुद्रपुर शहर को सांस्कृतिक और धार्मिक पर्यटन के मानचित्र पर उत्तर प्रदेश के पवित्र शहर बनारस की तर्ज पर आगे बढ़ाने का है, ताकि यहाँ आधुनिक विकास के साथ-साथ सनातन संस्कृति की अविरल धारा भी प्रवाहित होती रहे।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने महापौर के इस विजन का पुरजोर समर्थन किया। उन्होंने कहा कि महापौर विकास शर्मा के दूरदर्शी और समर्पित प्रयासों से आज रुद्रपुर का वैभव निरंतर बढ़ रहा है। आज त्रिशूल चौक केवल एक चौराहा नहीं, बल्कि अगाध आस्था के केंद्र के रूप में तब्दील हो चुका है। कुमाऊं और देवभूमि के अन्य हिस्सों में जाने वाले पर्यटक जब यहाँ से गुजरते हैं, तो उन्हें वास्तव में देवभूमि में आगमन का एक सुखद और अलौकिक अहसास होता है। रुद्रपुर को संवारने का यह सिलसिला शहर के चहुंमुखी विकास में मील का पत्थर साबित हो रहा है।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष श्री कमल जिंदल, खटीमा के पालिकाध्यक्ष रामू जोशी, भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री सुनील ठुकराल, भाजपा मंडल महामंत्री पारस चुघ, गौरव जुयाल, विवेक दीप सिंह, पार्षद विष्णु, युवा मोर्चा जिला महामंत्री शशांक वर्मा आदि भी मौजूद रहे ।।
