हल्द्वानी/बरेली। पत्रकार प्रेस महासंघ की उच्च स्तरीय बैठक शनिवार को बरेली स्थित पारस होटल में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महासंघ के नेशनल सेक्रेट्री सर्वेंद्र चौहान ने की।
बैठक की जानकारी देते हुए उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष अशोक गुलाटी ने बताया कि संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सर्वसम्मति से तय किया गया कि आगामी अगस्त माह से महासंघ का सदस्यता अभियान प्रारंभ किया जाएगा। सदस्यता केवल सक्रिय एवं वरिष्ठ पत्रकारों को ही प्रदान की जाएगी। गैर-पत्रकारों को किसी भी स्थिति में संगठन का सदस्य नहीं बनाया जाएगा।
बैठक में प्रदेश में बढ़ रहे फर्जी पत्रकारों के मामलों पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की गई तथा पत्रकारिता की गरिमा बनाए रखने के लिए प्रभावी रणनीति पर चर्चा की गई। साथ ही संगठन के विस्तार एवं मजबूती के लिए आगामी बैठक शीघ्र ही हरिद्वार में आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में नेशनल सेक्रेट्री सर्वेंद्र चौहान, उत्तर प्रदेश पश्चिम अध्यक्ष विकास शर्मा, उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अनंत विक्रम सिंह, बरेली मंडल प्रभारी एन.पी. सिंह तथा उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष अशोक गुलाटी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।बैठक के उपरांत सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने विख्यात हनुमान मंदिर में दर्शन कर संगठन की उन्नति एवं समाज कल्याण की कामना की।
