Spread the love

  • गरीब रथ व लालकुआं-अमृतसर एक्सप्रेस के फेरे बढ़ाने और
  • रुद्रपुर सिटी स्टेशन पर रिजर्वेशन काउंटर का समय रात 8 बजे तक करने की मांग

रुद्रपुर। कुमाऊं क्षेत्र, विशेषकर रुद्रपुर के यात्रियों, व्यापारियों, श्रमिकों और श्रद्धालुओं की रेल संबंधी समस्याओं को लेकर महापौर विकास शर्मा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र प्रेषित किए हैं। महापौर ने काठगोदाम-जम्मू तवी गरीब रथ एक्सप्रेस को सप्ताह में तीन दिन, लालकुआं-अमृतसर एक्सप्रेस को प्रतिदिन संचालित करने तथा रुद्रपुर सिटी रेलवे स्टेशन के आरक्षण काउंटर का समय पूर्ववत सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक करने की मांग उठाई है।

महापौर ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा है कि कुमाऊं क्षेत्र के लोगों का पंजाब, अमृतसर और जम्मू-कश्मीर सहित प्रमुख धार्मिक एवं व्यावसायिक स्थलों पर निरंतर आवागमन रहता है। ऐसे में रेल सेवाओं की सीमित आवृत्ति और आरक्षण सुविधा के समय में कटौती के कारण यात्रियों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

महापौर विकास शर्मा ने ट्रेन संख्या 12207/12208 काठगोदाम-जम्मू तवी गरीब रथ एक्सप्रेस की संचालन आवृत्ति बढ़ाकर सप्ताह में तीन दिन किए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह कुमाऊं क्षेत्र की महत्वपूर्ण सीधी रेल सेवाओं में शामिल है, जिसके माध्यम से यात्री जम्मू तवी, लुधियाना, जालंधर, ब्यास तथा माता वैष्णो देवी जैसे प्रमुख स्थलों तक पहुंचते हैं।

वर्तमान में ट्रेन का संचालन सप्ताह में केवल एक दिन, मंगलवार को होता है। इसके कारण यात्रियों को आरक्षण मिलने में भारी कठिनाई होती है। कई बार यात्रियों को मजबूरी में रामपुर, मुरादाबाद अथवा अन्य स्टेशनों से ट्रेन पकड़नी पड़ती है। इससे उनका अतिरिक्त समय और धन खर्च होता है।

महापौर ने जनहित को देखते हुए गरीब रथ एक्सप्रेस के संचालन को सप्ताह में तीन दिन किए जाने की मांग की है, जिससे कुमाऊं के यात्रियों को सीधी और सुविधाजनक रेल सेवा का अधिक लाभ मिल सके।

महापौर ने ट्रेन संख्या 15016 लालकुआं-अमृतसर एक्सप्रेस की संचालन आवृत्ति भी बढ़ाकर सप्ताह में सातों दिन किए जाने की मांग की है। वर्तमान में यह ट्रेन सप्ताह में केवल एक दिन संचालित होती है। महापौर ने कहा कि अमृतसर और पंजाब क्षेत्र में व्यापारिक कार्यों, धार्मिक यात्राओं तथा अन्य आवश्यक कार्यों से बड़ी संख्या में लोग कुमाऊं से आवागमन करते हैं। सप्ताह में केवल एक दिन ट्रेन चलने के कारण यात्रियों के सामने आरक्षण की समस्या बनी रहती है।

उन्होंने सुझाव दिया है कि लालकुआं से ट्रेन का प्रस्थान शाम 7 बजे और अमृतसर से वापसी रात 9 बजे निर्धारित की जाए। साथ ही ट्रेन की गति बढ़ाकर यात्रा अवधि कम करने की दिशा में भी आवश्यक कदम उठाए जाएं। वर्तमान में अमृतसर पहुंचने में लगभग 12 घंटे लगते हैं। यात्रा अवधि कम होने से यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी और वे सुबह जल्दी अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

महापौर विकास शर्मा ने रुद्रपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर आरक्षण काउंटर के समय में की गई कटौती का मुद्दा भी मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से उठाया है। महापौर ने बताया कि पूर्व में रुद्रपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर आरक्षण काउंटर सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक संचालित होता था। इससे यात्रियों को दिनभर टिकट आरक्षण कराने की सुविधा मिलती थी। लेकिन पिछले कुछ समय में रेलवे प्रशासन, पूर्वाेत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल द्वारा आरक्षण काउंटर के समय में लगातार कटौती की गई।

पहले आरक्षण की समय-सीमा घटाकर शाम 5 बजे तक की गई और अब इसे और कम करते हुए शाम 4 बजे तक सीमित कर दिया गया है। महापौर ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि वर्तमान व्यवस्था के कारण शाम 4 बजे के बाद रुद्रपुर सिटी स्टेशन पर आरक्षण कराने पहुंचने वाले आम यात्रियों को वापस भेज दिया जाता है तथा उन्हें ऑनलाइन टिकट बुक कराने के लिए कहा जाता है।

इस व्यवस्था से विशेष रूप से मजदूर वर्ग, वरिष्ठ नागरिकों, तकनीकी रूप से कम सक्षम लोगों और उन यात्रियों को परेशानी हो रही है जो ऑनलाइन आरक्षण की सुविधा का सहज रूप से उपयोग नहीं कर पाते। यात्रियों को टिकट आरक्षण के लिए दूसरे विकल्प तलाशने पड़ते हैं, जिससे उन्हें अतिरिक्त समय और परेशानी का सामना करना पड़ता है।

महापौर ने जनहित को देखते हुए रुद्रपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर आरक्षण काउंटर का समय पुनः सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक किए जाने की मांग की है।

महापौर ने कहा कि रुद्रपुर तेजी से विकसित हो रहा प्रमुख औद्योगिक एवं व्यावसायिक केंद्र है। यहां से बड़ी संख्या में लोग रोजगार, व्यापार, शिक्षा और धार्मिक यात्राओं के लिए देश के विभिन्न हिस्सों में आवागमन करते हैं। ऐसे में बेहतर रेल कनेक्टिविटी और सुगम आरक्षण व्यवस्था स्थानीय जनता की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।

You cannot copy content of this page