एसएसपी के निर्देशन में किच्छा पुलिस की कार्रवाई, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
रुद्रपुर/किच्छा। विक्रांत हत्याकांड में फरार चल रहे मुख्य आरोपी स्वदेश कुमार सिंह उर्फ बंटी ठाकुर को किच्छा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 7.65 एमएम पिस्टल भी बरामद की गई है। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में आयुध अधिनियम की धारा 3/25 की बढ़ोतरी की है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 26 जून 2026 को हरिमंदिर गली, मेन बाजार रुद्रपुर निवासी श्रीमती कंचन पत्नी विकास ने अपने पुत्र विक्रांत की हत्या के संबंध में थाना किच्छा में एफआईआर संख्या 228/2026 दर्ज कराई थी। मुकदमा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 103(1), 191(3), 190 एवं 191(2) के तहत बंटी ठाकुर सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सितारगंज के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक किच्छा के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लोगों से पूछताछ की तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया।जांच के दौरान मुख्य आरोपी स्वदेश कुमार सिंह उर्फ बंटी ठाकुर (27 वर्ष), पुत्र ऋषिपाल सिंह, निवासी ग्राम सैजनी, थाना कोतवाली रुद्रपुर, जो घटना के बाद चीमा अस्पताल में उपचाराधीन था, को अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद पूछताछ कर गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 7.65 एमएम पिस्टल बरामद की गई।पुलिस ने बताया कि बंटी ठाकुर का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह पूर्व में विभिन्न मामलों में जेल जा चुका है। इस हत्याकांड में अब तक कुल सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें छह आरोपियों को पहले ही जेल भेजा जा चुका था।गिरफ्तारी टीम:निरीक्षक रवि कुमार सैनी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुराग सिंह, उपनिरीक्षक बसंत प्रसाद, हेड कांस्टेबल विनोद कुमार, कांस्टेबल राकेश काण्डपाल एवं कांस्टेबल त्रिलोक सिंहआदि शामिल रहे।
