रुद्रपुर। सिटी क्लब रुद्रपुर में अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 4 जून को अल्मोड़ा में आयोजित होने वाली लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की जनसभा को सफल बनाने के लिए व्यापक रणनीति पर चर्चा की गई। विशेष रूप से जनसभा एवं रैली में महिलाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव शिल्पी अरोरा ने कहा कि महिला सशक्तिकरण और आधुनिक भारत के निर्माण में कांग्रेस की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की राजनीतिक, सामाजिक एवं आर्थिक भागीदारी बढ़ाने के लिए कांग्रेस लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सदैव महिलाओं के अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाते रहे हैं।
उत्तराखंड महिला कांग्रेस की सह प्रभारी पूनम पंडित ने कहा कि महिलाओं को महंगाई के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करनी होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में महिलाओं का सर्वाधिक शोषण हो रहा है। उन्होंने महिलाओं से बड़ी संख्या में अल्मोड़ा पहुंचकर राहुल गांधी की जनसभा को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।
बैठक में महिला कांग्रेस की विभिन्न पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया तथा जनसभा की तैयारियों को लेकर अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
