Spread the love


नानकमत्ता। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर श्री अजय गणपति ने गुरुवार देर रात्रि लगभग 12 बजे कोतवाली नानकमत्ता का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने रात्रि ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मियों की सतर्कता, कार्यप्रणाली तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी अजय गणपति ने थाना परिसर, मालखाना, हवालात, अभिलेखों तथा साफ-सफाई व्यवस्था का गहन अवलोकन किया। ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों की उपस्थिति, अनुशासन एवं कार्य निष्पादन की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने लंबित विवेचनाओं के शीघ्र एवं गुणात्मक निस्तारण तथा जनशिकायतों के त्वरित समाधान पर विशेष जोर दिया।
इसके उपरांत एसएसपी ने क्षेत्र में संचालित मध्यरात्रि चेकिंग एवं रात्रि गश्त व्यवस्था का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग सुनिश्चित की जाए तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी बनाए रखी जाए। साथ ही रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए गए।एसएसपी ने थाना स्तर पर अनुशासन, सतर्कता और पारदर्शिता बनाए रखने पर बल देते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देशित किया कि आमजन की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए और उनका समयबद्ध समाधान किया जाए।अंत में एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया कि जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए इस प्रकार के औचक निरीक्षण एवं मध्यरात्रि चेकिंग अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।

You cannot copy content of this page