Spread the love

  • रूद्रपुर विधानसभा को 7 जोन और 35 सेक्टरों में बांटा गया, प्रभारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी।
  • प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह विफल, बेटियां असुरक्षित: अरविंद यादव
  • जलभराव की समस्या से त्रस्त जनता, मेयर और विधायक सिर्फ श्रेय लेने की राजनीति में व्यस्त।
    रूद्रपुर। आज समाजवादी पार्टी कार्यालय रूद्रपुर में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनावी रणनीति और संगठन की मजबूती पर गहन चर्चा की गई।
    बैठक को संबोधित करते हुए समाजवादी यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद यादव ने संगठन विस्तार की घोषणा की। उन्होंने बताया कि चुनावी तैयारियों को धरातल पर उतारने के लिए रूद्रपुर विधानसभा को 7 जोन और 35 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी सौंपते हुए राम सिंह सागर, मजहर रिजवी, विनोद गौड़, तेजपाल यादव, जितेन्द्र यादव, पूर्व पार्षद नित्यानंद अग्रवाल और इमरान अंसारी को जोन प्रभारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी बूथों पर बूथ प्रभारियों की घोषणा भी कर दी जाएगी।
    प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त, बेटियां असुरक्षित: सपा
    बैठक के दौरान अरविंद यादव ने वर्तमान प्रदेश सरकार की नीतियों और कानून व्यवस्था पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा:
    प्रदेश में कानून व्यवस्था पूर्ण रूप से विफल हो चुकी है और हमारी बेटियां कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं। रूद्रपुर से लेकर पूरे प्रदेश में महिलाओं पर अत्याचार बढ़ रहे हैं। किच्छा में 13 वर्षीय मासूम बेटी के साथ हुई दरिंदगी और अंकिता भंडारी हत्याकांड इसका प्रत्यक्ष प्रमाण हैं, जिन्हें आज तक न्याय नहीं मिल सका है।”
    विकास के नाम पर सिर्फ नाम बदलने की राजनीति
    रूद्रपुर की स्थानीय समस्याओं को उठाते हुए राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि आज शहर में पानी की निकासी (जलभराव) की स्थिति बेहद दयनीय और दुर्लभ हो चुकी है। हल्की बारिश में ही पूरा शहर टापू बन जाता है। लेकिन जनता की सुध लेने के बजाय यहाँ के मेयर और विधायक आपस में सिर्फ ‘श्रेय लेने की लड़ाई’ लड़ रहे हैं।
    उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सड़कों और चौराहों के नाम बदलने से रूद्रपुर का विकास नहीं होने वाला। बीजेपी के जनप्रतिनिधियों को आपसी खींचतान छोड़कर जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करना चाहिए। आने वाले समय में रूद्रपुर की जनता इस जनविरोधी रवैये के लिए इन्हें कभी माफ नहीं करेगी और चुनाव में इसका करारा जवाब देगी।
    बैठक में नवनियुक्त प्रभारियों समेत पार्टी के दर्जनों पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने आगामी चुनाव में पार्टी को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

You cannot copy content of this page