Spread the love

  • जीवन दर्शन को जन-जन तक पहुँचाने का लिया संकल्प

रूद्रपुर । भारतीय राजनीति के पुरोधा और एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि के अवसर पर भाजपा जिला कार्यालय, में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भारी संख्या में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पंडित जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। वक्ताओं ने उनके बताए मार्ग पर चलते हुए समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए कार्य करने का संकल्प दोहराया।

मुख्य वक्ता, लोकतंत्र सेनानी कस्तूरी लाल तागरा ने कहा पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा और संगठन के प्रति अटूट समर्पण का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने विश्व को ‘एकात्म मानववाद’ जैसा महान दर्शन दिया, जो व्यक्ति के शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा के समग्र विकास की बात करता है। उनका स्पष्ट मानना था कि जब तक समाज के सबसे निचले पायदान पर खड़ा व्यक्ति (अंत्योदय) मुख्यधारा से नहीं जुड़ता, तब तक राष्ट्र का सर्वांगीण विकास संभव नहीं है। आज के कार्यकर्ताओं को उनके विचारों को केवल नारों तक सीमित न रखकर अपने आचरण और व्यवहार में उतारना चाहिए।

सामाजिक कार्यकर्ता श्री पवन अग्रवाल जी ने अपने संबोधन में कहा कि पंडित जी का दर्शन आज भी उतना ही प्रासंगिक है जितना उनके समय में था। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग के समग्र उत्थान के लिए उनके सिद्धांत मार्गदर्शक हैं और हमें उन्हें जन-जन तक पहुँचाना चाहिए।

पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा पंडित जी ने राजनीति को सत्ता सुख का साधन नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम बनाया। उनका जीवन त्याग, तपस्या और सादगी का संगम था। उन्होंने राष्ट्रहित को हमेशा सर्वाेपरि रखा और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को राजनीति में पुनर्स्थापित किया। आज हम अंत्योदयश् के जिस भाव को लेकर आगे बढ़ रहे हैं, वह पंडित जी की ही दूरदर्शिता का परिणाम है। हमें अपनी कार्यशैली के माध्यम से उनके सपनों के भारत का निर्माण करना होगा।

भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने कहा कि पंडित दीनदयाल जी का जीवन दर्शन प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा का अटूट स्रोत है। एकात्म मानववाद केवल एक राजनीतिक विचारधारा नहीं, बल्कि एक ऐसा जीवन दर्शन है जो समाज के हर वर्ग के उत्थान का मार्ग प्रशस्त करता है। आज के दिन हमारा सबसे बड़ा संकल्प यही होना चाहिए कि हम संगठन को और अधिक सशक्त बनाएं और जन-सेवा के कार्यों में अपनी भागीदारी बढ़ाएं।उन्होंने कहा, पंडित जी के सिद्धांत आज के दौर में और भी अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। समाज के समग्र उत्थान के लिए उनके द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। हमें उनके विचारों की मशाल को लेकर घर-घर जाना होगा।

इस अवसर पर जिला महामंत्री तरुण दत्ता, जिला उपाध्यक्ष हिमांशु शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष अमित नारंग, दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता, प्रदेश मंत्री किसान मोर्चा धीरेन्द्र मिश्रा,कार्यक्रम संयोजक राजेश तिवारी और पूर्व मेयर रामपाल, प्रमोद मित्तल, अक्षय अरोरा, मोर सिंह, सुरेंदर चौधरी, डीएन यादव,सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page