सितारगंज, 20 जून। टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत चलाए जा रहे 100 दिवसीय विशेष टीबी स्क्रीनिंग अभियान के तहत वार्ड संख्या-5 स्थित महिला अस्पताल, सितारगंज में उच्च जोखिम क्षेत्र के निवासियों की जांच हेतु स्वास्थ्य एवं टीबी स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के. के. अग्रवाल के निर्देशन में किया गया।शिविर को सफल बनाने के लिए क्षेत्र की आशा कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर लोगों को शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर जन उत्थान समिति द्वारा भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया गया।शिविर में कुल 75 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। जांच के दौरान 74 व्यक्तियों के डिजिटल एक्स-रे किए गए तथा 5 संभावित टीबी मरीजों के बलगम के नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए। इसके अतिरिक्त 75 लोगों का रक्तचाप (बीपी) एवं 49 लोगों की रक्त शर्करा (शुगर) की जांच भी की गई। शिविर में डॉ. राहुल कादमी (चिकित्सा अधिकारी), डॉ. अरुण (चिकित्सा अधिकारी, आयुर्वेद), अनीता गरिया (सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी), महिमा (सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी), नवल किशोर, सुनील राय (वरिष्ठ स्वास्थ्य पर्यवेक्षक), आशीष (फार्मेसी अधिकारी), निजी संस्था से पूनम, सतीश एवं किरण राणा, आशा फैसिलिटेटर संपत्ति तथा क्षेत्र की समस्त आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। इस अवसर पर वार्ड सदस्य रवि रस्तोगी ने शिविर के सफल आयोजन के लिए स्वास्थ्य विभाग, जन उत्थान समिति तथा आशा कार्यकर्ताओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों से आमजन को अपने घर के निकट स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त होता है तथा टीबी जैसी गंभीर बीमारी की समय रहते पहचान संभव हो पाती है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि दो सप्ताह से अधिक खांसी, वजन कम होना, लगातार बुखार आना अथवा रात में अत्यधिक पसीना आने जैसे टीबी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं। साथ ही सरकार द्वारा उपलब्ध निःशुल्क टीबी जांच एवं उपचार सुविधाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का भी आह्वान किया।
