सितारगंज:(अश्वनी दीक्षित) नगर के अमरिया रोड स्थित एच.एस. अस्पताल के खिलाफ आज एनएचआई विभाग और स्थानीय प्रशासन ने संयुक्त रूप से बड़ी और सख्त कार्रवाई करते हुए अस्पताल का मुख्य गेट और बाउंड्री वॉल बुलडोजर से ध्वस्त कर दी। अतिक्रमण और नियमों के उल्लंघन के आरोपों में की गई इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। प्रशासनिक टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीनों की मदद से अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया तेज़ी से शुरू की गई। अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल प्रबंधन को पहले ही कई बार नोटिस देकर सरकारी जमीन से कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन बार-बार चेतावनी के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिसके बाद यह कठोर कार्रवाई करनी पड़ी। कार्रवाई के दौरान प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा और किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे अतिक्रमणकारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा। फिलहाल पूरे क्षेत्र में प्रशासन की कड़ी निगरानी जारी है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, जबकि इस कार्रवाई को लेकर इलाके में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
