रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने डंपर चालकों में दहशत फैलाकर अवैध वसूली और रंगदारी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम सरोवरनगर निवासी फईम अहमद ने कोतवाली गदरपुर में तहरीर देकर बताया था कि 1 जून को उसका भाई वरीस अहमद रुद्रपुर से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान मसीत गांव मार्ग पर विकास सागर अपने साथियों अमित सागर, प्रदीप दिवाकर और गोलू कोटिया के साथ कार से वहां पहुंचा और वरीस को जबरन वाहन में बैठाने का प्रयास किया। विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपियों ने उसका ओप्पो मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मुख्य आरोपी विकास सागर शिकायतकर्ता के भाई को पुलिस एवं प्रशासनिक कार्रवाई का भय दिखाकर प्रतिमाह लगभग 35 हजार रुपये की अवैध वसूली करता था। पुलिस के अनुसार लूटे गए मोबाइल फोन में आरोपी के विरुद्ध महत्वपूर्ण साक्ष्य मौजूद थे, जिन्हें छिपाने के उद्देश्य से मोबाइल छीना गया था।
मामले में कोतवाली गदरपुर में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर डिवाइन सिटी कॉलोनी, छतरपुर क्षेत्र में घेराबंदी कर विकास सागर, अमित सागर और प्रदीप दिवाकर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर गुलरभोज फ्लाईओवर के समीप झाड़ियों से लूटा गया ओप्पो ए-78 मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने मोबाइल का सिम कार्ड तोड़ दिया था तथा फोन को फॉर्मेट कर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया था।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की बलैनो कार संख्या यूके-06-बीएच-8088 को भी कब्जे में ले लिया है। इसके अतिरिक्त आरोपियों के पास से अन्य मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में विकास सागर निवासी सरस्वती इन्क्लेव, भुरारानी रोड रुद्रपुर, अमित सागर निवासी प्रीत विहार कॉलोनी रुद्रपुर तथा प्रदीप दिवाकर निवासी रम्पुरा वार्ड संख्या-21, रुद्रपुर शामिल हैं। वहीं गोलू कोटिया नामक आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में अवैध वसूली, रंगदारी और गुंडागर्दी जैसी गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आमजन और वाहन चालकों को भयभीत कर धन उगाही करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
