रुद्रपुर। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ममता रानी ने केंद्र सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश में लगातार हो रही पेपर लीक की घटनाएं शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।
जारी बयान में ममता रानी ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने 17 जून को राजस्थान के कोटा में आयोजित ‘छात्रों की गूंज संवाद’ कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित करते हुए कहा था कि युवा देश का भविष्य हैं और उनकी सफलता ही देश की सफलता है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार युवाओं को जागरूक करने का कार्य कर रहे हैं, क्योंकि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण युवाओं का भविष्य संकट में है। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में नीट सहित कई प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने दावा किया कि इन घटनाओं से निराश होकर कई युवाओं ने आत्मघाती कदम भी उठाए।
ममता रानी ने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था वसूली का माध्यम बनकर रह गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि अब महाराष्ट्र में भी पेपर लीक की घटना सामने आई है, जो दर्शाता है कि सरकार शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है।
उन्होंने कहा कि उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार 1000 युवाओं में से केवल 12 युवाओं को ही रोजगार मिल पा रहा है, जिससे स्पष्ट है कि देश का युवा रोजगार के लिए भटकने को मजबूर है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है और जनता का विश्वास लगातार खो रही है। उनके अनुसार वर्तमान परिस्थितियों में युवाओं सहित समाज का प्रत्येक वर्ग स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहा है, जो लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय है।


