रूद्रपुर । पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने आनंदखेड़ा नंबर एक में आयोजित श्री श्री अखण्ड महानाम संकीर्तन महोत्सव में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने भक्तिमय वातावरण में संकीर्तन सुना और महामंत्र का जाप करते हुए क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। आयोजन समिति द्वारा पूर्व विधायक का गर्मजोशी से स्वागत किया गया और उन्हें अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। संकीर्तन महोत्सव में विभिन्न क्षेत्रों से आई कीर्तन मंडलियों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। इसमें मानमुक्ति सम्प्रदाय, जय जगन्नाथ सम्प्रदाय, कृष्णदासी सम्प्रदाय, ब्रजेश्वरी सम्प्रदाय और गोपी कृष्ण सम्प्रदाय की मंडलियों ने भावपूर्ण कीर्तन कर उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। ठुकराल ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से समाज में शांति और भाईचारे का संदेश जाता है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिन्होंने संकीर्तन का आनंद लिया और प्रसाद ग्रहण किया।
