Spread the love

रूद्रपुर। महानगर कांग्रेस ने भाजपा नेताओं पर निकाय चुनाव में राजनैतिक लाभ लेने के लिए विभिन्न वार्डों में बड़ी संख्या में वोट काटे जाने और वोटों को दूसरे वार्डों में शिफ्ट किये जाने का आरोप लगाया है। महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा ने कहा कि काटे गये वोट जोड़ने के साथ ही अन्य अनियमितताओं को दुरूस्त नहीं किया गया तो आंदोलन किया जायेगा और न्यायालय की शरण भी ली जायेगी।

कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा ने कहा कि भाजपा चुनाव जीतने के लिए घटिया स्तर की राजनीति पर उतर आयी है। चुनाव जीतने के लिए भाजपा किसी भी हद तक गिर सकती है। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में राजनैतिक लाभ लेने के लिए भाजपा के लोगों ने प्रशासन के साथ मिलकर बड़ा खेल किया है। विभिन्न वार्डों में बड़ी संख्या में वोट काट दिये गये हैं, इसमें अधिंकांश कांग्रेस का परंपरागत वोट है। इसके अलावा कई वार्डों में वोटरों को जानबूझकर दूसरे वार्डों में शिफ्ट कर दिया गया है। यह सब सोची समझी रणनीति के तहत किया जा रहा है। इसके साथ कई जगह पोलिंग बूथों को ही शिफ्ट कर दिया गया है जिससे मतदाताओं को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। महानगर अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस यह सब मनमानी नहीं होने देगी। सरकारी मशीनरी का दुरूपयोग करके निकाय चुनाव को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। महानगर अध्यक्ष ने कहा कि इस मामले को लेकर जल्द ही कांग्रेस का प्रतिनिधि मण्डल उपजिलाधिकारी और जिलाधिकारी से मिलकर समस्या से अवगत करायेगा। अधिकारियों से काटे गये नाम जोड़ने और अन्य अनियमितताओं को दुरूस्त करने की मांग की जायेगी। उनकी मांग को नजर अंदाज किया गया तो जरूरत पड़ने पर न्यायालय की शरण भी ली जायेगी।

महानगर अध्यक्ष ने कहा कि लोकसभा चुनाव में हर तरफ भाजपा के खिलाफ माहौल नजर आ रहा है। भाजपा की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। लोकसभा चुनाव के बाद निकाय चुनाव में भी जनता भाजपा को सबक सिखाने के लिए तैयार बैठी है। महानगर अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पूरे दमखम के साथ निकाय चुनाव लड़ेगी, इसके लिए तैयारियां शुरू हो गयी है। उन्होंने कहा कि सभी वार्डों में पार्टी के लिए समर्पित और जिताऊ प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारा जायेगा। वार्डों में प्रत्याशियों के चयन के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गयी है। चूकि अभी वार्डों में आरक्षण की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पायी है जिसके चलते प्रत्येक वार्ड से जनरल, एसएसी, ओबीसी और महिला प्रत्याशी के तौर आवेदन मांगे गये हैं, कोई भी कार्यकर्ता नगर कार्यालय में टिकट के लिए आवेदन कर सकता है। सभी वार्डों से दावेदारों का एक पैनल तैयार कर हाईकमान को भेजा जायेगा। इस पैनल में से ही एक दावेदार का नाम फाईनल होगा।पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ कांग्रेस नेता गोपाल भसीन, पूर्व मेयर प्रत्याशी ममता रानी, महामंत्राी सुनील आर्या, उमा सरकार, ममता रानी, अर्जुन विश्वास,कालिम खान, बाबाू विश्वकर्मा, अर्जुन विश्वास उपाध्यक्ष सतीश कुमार नगर सचिव मनोज कुमार, भूपेश सोनी आदि मौजूद थे।

You cannot copy content of this page