Spread the love


कार से 2.50 लाख रुपये कीमत की चोरी की केबल बरामद, खटीमा क्षेत्र में पहले भी वारदातों को अंजाम देने का खुलासा
खटीमा। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में खटीमा पुलिस ने विद्युत केबल चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2.50 लाख रुपये कीमत की चोरी की विद्युत केबल और घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने खटीमा क्षेत्र में पहले भी विद्युत केबल चोरी कर कबाड़ियों को बेचने की बात स्वीकार की है।
20 अगस्त 2026 को 33/11 केवी उपसंस्थान हल्दी, खटीमा के अवर अभियंता विनोद चंद्र जोशी ने डायल-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी कि ग्राम चंदेली में अज्ञात चोरों ने 11 केवी कृषि फीडर चंदेली की विद्युत लाइन से केबल काटकर चोरी कर ली है। सूचना मिली कि चोर चोरी की केबल कार में भरकर ग्राम चंदेली से बंडिया की ओर फरार हो रहे हैं।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी सत्रहमील मझौला उपनिरीक्षक किशोर पंत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने विद्युत विभाग की टीम के सहयोग से ग्राम बंडिया स्थित भीम कॉलोनी के पास संदिग्ध कार संख्या UK-06-BF-0797 को रोक लिया। कार में सवार चार लोगों को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार से विद्युत केबल के करीब 165 टुकड़े बरामद हुए, जिनमें प्रत्येक टुकड़ा लगभग दो से तीन फीट लंबा बताया गया है। बरामद केबल की अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने पूर्व में भी खटीमा क्षेत्र में विद्युत केबल चोरी करने और उसे कबाड़ियों को बेचने या भेजने की बात बताई। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है। आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।पुलिस के अनुसार अवर अभियंता विनोद चंद्र जोशी की तहरीर के आधार पर थाना खटीमा में आरोपियों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है।गिरफ्तार आरोपियों में अलीम पुत्र सगीर अहमद निवासी ग्राम सिरौलीकला, थाना पुलभट्टा, ऊधमसिंहनगर, जुनैद पुत्र लियाकत अली निवासी दोपहरिया रोड, सिरौलीकला, थाना पुलभट्टा, ऊधमसिंहनगर, मोहम्मद अय्यूब पुत्र मोहम्मद ईषू निवासी सिरौलीकला, थाना पुलभट्टा, ऊधमसिंहनगर तथा पिन्टू कुमार सिंह पुत्र राजेश सिंह निवासी नगला, थाना पंतनगर, ऊधमसिंहनगर शामिल हैं।

You cannot copy content of this page