Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल। राजकीय इन्टर कॉलेज सुमाड़ी विकास खण्ड खिर्सू जनपद पौड़ी गढ़वाल में मन्डलीय नशा उन्मूलन नोडल अधिकारी अखिलेश चन्द्र चमोला के दिशा निर्देशन में नशा उन्मूलन के सन्दर्भ में नशा उन्मूलन जन जागरुकता कार्यक्रम व प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। जिसमें प्रदर्शनी व जन जागरुकता कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रदीप विष्ट ने किया। अपने उद्बोधन में प्रदीप विष्ट ने कहा कि कुसगति के कारण ही आज के युवा नशे की ओर अग्रसर हो रहे हैं, जिसके कारण वे अपने लक्ष्य को प्राप्त नहीं कर पाते हैं। फलस्वरूप कुंठा के शिकार हो जाते हैं। इस प्रकार से वे अपना बहुमूल्य जीवन बर्बाद कर देते हैं। जीव विज्ञान अध्यापिका आशा डिमरी ने कहा कि नशा किसी भी तरह से जीवन के लिए उपयोगी नहीं हो सकता है। इसका उपयोग करने से प्रतिरोधक क्षमता समाप्त हो जाती है। इस आयोजित कार्यक्रम में छात्र छात्राओं द्वारा नशा उन्मूलन से संबंधित चार्ट प्रदर्शनी व तरह-तरह से गतिविधियां सम्पादित की गई। नशा उन्मूलन नोडल अधिकारी अखिलेश चन्द्र चमोला ने कहा-नशा उन्मूलन व जन जागरूकता कार्यक्रम व प्रदर्शनी लगाने का मुख्य उद्देश्य छात्र छात्राओं को नशे से दूर रहने के साथ ही उन्हें संस्कार वान बनाना है। जिससे वे आत्म विश्वास के साथ अपने कार्यों का समुचित रूप से निर्वहन कर सकें। इस अवसर पर रसायन विज्ञान के प्रवक्ता राजेंद्र सिंह नेगी,शंकर सिंह भण्डारी जयमाला विष्ट ने भी अपने विचार रखे। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने जीवन में नशा न करने की प्रतिज्ञा लेने के साथ नशा उन्मूलन के नारे भी लगाए। कार्यक्रम में बच्चे बड़े उत्साहित होकर रूचि ले रहे थे।

You cannot copy content of this page