Spread the love

रुद्रपुर, 23 अगस्त  जनपद में किसानों द्वारा विभिन्न मांगों को लेकर विगत तीन दिनों से कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर जारी अनशन के संबंध में आज अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने किसानों से वार्ता कर उनकी समस्याओं एवं मांगों की जानकारी ली।

वार्ता के दौरान अपर जिलाधिकारी ने किसानों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन उनकी मांगों को गंभीरता से ले रहा है। उन्होंने बताया कि किसानों की कई मांगों को पूर्व में ही शासन स्तर पर प्रेषित किया जा चुका है। वहीं, आज वार्ता के दौरान प्राप्त हुई नई मांगों में भी कुछ विषय शासन स्तर से संबंधित हैं। इन मांगों को भी तत्काल शासन को प्रेषित किया जा रहा है, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि किसानों की समस्याओं को विस्तार से सुनने और उनके समाधान के लिए सोमवार, 24 अगस्त को अपराह्न 3:00 बजे डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में किसानों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में किसानों की मांगों पर बिंदुवार चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि जिला स्तर से संबंधित मांगों को प्राथमिकता के आधार पर गंभीरता से लेते हुए उनका तत्काल सकारात्मक समाधान करने का प्रयास किया जाएगा, जबकि शासन स्तर से संबंधित विषयों को शीघ्र शासन के समक्ष रखा जाएगा।

अपर जिलाधिकारी ने किसानों से संवाद एवं सहयोग बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि जिला प्रशासन किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशीलता एवं पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है।इस दौरान उपजिलाधिकारी मनीष बिष्ट, गौरव पाण्डे, सीओ बीएस धौनी तहसीलदार दिनेश कुटोला सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

You cannot copy content of this page