Spread the love



रुद्रपुर अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) नीति में सुधार की मांग को लेकर संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने मांग की कि ग्राहकों के हितों की रक्षा के लिए एमआरपी नीति को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाया जाए।
अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत वर्ष 1974 से निरंतर उपभोक्ता हितों के संरक्षण तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट के विरुद्ध कार्य कर रही है। संगठन का मुख्य उद्देश्य ग्राहकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें उचित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण वस्तुएं, सही नाप-तौल, विक्रय उपरांत बेहतर सेवा एवं सम्मानजनक व्यवहार उपलब्ध कराना है। संगठन की प्रमुख उपलब्धियों में उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम-1986 तथा उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम-2019 को लागू कराने में महत्वपूर्ण भूमिका शामिल है।
ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने अधिकारियों से अनुरोध किया कि संलग्न पत्र का संज्ञान लेते हुए एमआरपी नीति के संबंध में ठोस एवं प्रभावी कार्रवाई की जाए। संगठन ने विश्वास व्यक्त किया कि इस विषय पर सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे, जिससे उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा होगी और सुरक्षित एवं समृद्ध भारत के निर्माण में सहयोग मिलेगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में ग्राहक पंचायत के जिला अध्यक्ष डॉ. हेमंत सिंह चौहान, जिला सचिव अशोक गाबड़ी, महेंद्र प्रताप मंगला, सुभाषिनी द्विवेदी, जय गंगवार, क्षेत्रीय संगठन मंत्री लाखन सिंह तथा पूनम कालरा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page