Spread the love

  • त्रिशूल चौक पर उमड़ेगा कार्यकर्ताओं का सैलाब

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आज शाम रुद्रपुर आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। काशीपुर से सड़क मार्ग द्वारा खटीमा जाते समय शाम लगभग 6 बजे मुख्यमंत्री का त्रिशूल चौक पर ऐतिहासिक स्वागत किया जाएगा। इस दौरान भव्य आतिशबाजी और पुष्पवर्षा के साथ रैली जैसा माहौल देखने को मिलेगा।

मुख्यमंत्री के स्वागत कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आयोजित कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक के उपरांत महापौर विकास शर्मा ने विस्तृत जानकारी साझा की। महापौर ने बताया कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने सुशासन और विकास के नए प्रतिमान स्थापित किए हैं। विशेष रूप से चार वर्ष का सफल कार्यकाल पूर्ण करने के पश्चात प्रथम बार रुद्रपुर आगमन पर मुख्यमंत्री का नागरिक अभिनंदन किसी उत्सव से कम नहीं होगा।

महापौर विकास शर्मा ने मुख्यमंत्री के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि सीएम धामी ने अपने साहसिक और ऐतिहासिक निर्णयों से न केवल उत्तराखंड, बल्कि पूरे देश में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। उनके नेतृत्व में प्रदेश ‘अंत्योदय’ की भावना के साथ विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री का यह दौरा आगामी विधानसभा चुनावों के दृष्टिगत कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और जोश भरने का कार्य करेगा।

महापौर ने कहा कि त्रिशूल चौक पर होने वाले इस भव्य स्वागत कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, क्षेत्रीय विधायक शिव अरोरा सहित संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। स्वागत की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है, जिसमें कार्यकर्ताओं के साथ-साथ स्थानीय जनता की भी भारी भागीदारी सुनिश्चित की गई है। महापौर ने दावा किया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में भाजपा एक बार फिर उत्तराखंड में प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

You cannot copy content of this page