रुद्रपुर, 2 अक्टूबर। दिल्ली पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर में 26 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक आयोजित सीबीएसई राष्ट्रीय फेंसिंग चैंपियनशिप–2026 का शुक्रवार को भव्य एवं गरिमामय समापन समारोह सम्पन्न हुआ। सात दिनों तक चले इस राष्ट्रीय आयोजन में देशभर के 22 राज्यों से आए 1,500 से अधिक खिलाड़ी एवं प्रशिक्षकों तथा 350 से अधिक तकनीकी अधिकारियों, रेफरी, निर्णायकों एवं आयोजन अधिकारियों ने सहभागिता की। पूरे सप्ताह चली रोमांचक प्रतियोगिताओं के बाद विजेता खिलाड़ियों एवं विभिन्न वर्गों के ओवरऑल चैंपियन विद्यालयों को सम्मानित किया गया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि श्री कौस्तुभ मिश्रा, पी.सी.एस., अपर जिलाधिकारी (वित्त), ऊधम सिंह नगर रहे। इस अवसर पर श्री पंकज शुक्ला, मुख्य कोषाधिकारी ऊधम सिंह, श्री अभिषेक अग्रवाल, निदेशक, कुमार ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज़, श्री महेश कपूर, प्रबंध निदेशक, त्रिमूर्ति इंडस्ट्रीज़ प्राइवेट लिमिटेड, श्री डी. के. सिंह, महासचिव, उत्तराखण्ड ओलम्पिक एसोसिएशन, श्री नमन जैन, वाइस चेयरमैन, सिल्वर लाइन प्रेस्टिज स्कूल, गाज़ियाबाद तथा श्री राजेन्द्र श्रीधर, विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं पदक प्रदान किए। अपने संबोधन में श्री कौस्तुभ मिश्रा ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास का सशक्त आधार हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएँ युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ-साथ खेल भावना, टीमवर्क और राष्ट्रीय एकता का संदेश भी देती हैं। उन्होंने सफल आयोजन के लिए दिल्ली पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर एवं आयोजन समिति की सराहना करते हुए सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
समापन समारोह में विभिन्न आयु वर्गों के ओवरऑल चैंपियन विद्यालयों की घोषणा की गई। अंडर-14 बालक वर्ग में सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल, ब्राह्मणवाला, देहरादून (उत्तराखण्ड), अंडर-14 बालिका वर्ग में शिव नाडर स्कूल, फरीदाबाद, अंडर-17 बालक वर्ग में आर्मी पब्लिक स्कूल, उत्तराखण्ड तथा अंडर-17 बालिका वर्ग में आईईएस पब्लिक स्कूल, रतीबड़ मेन रोड, भोपाल (मध्य प्रदेश) ने ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया।
समारोह का सबसे गौरवपूर्ण क्षण तब आया जब अंडर-19 बालिका वर्ग में दिल्ली पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। वेंकटेश्वर ग्लोबल स्कूल, सेक्टर-13, रोहिणी, नई दिल्ली द्वितीय तथा जेसीस पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर तृतीय स्थान पर रहा। डीपीएस रुद्रपुर की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूरे विद्यालय परिवार में हर्ष और उत्साह का वातावरण रहा।
अंडर-19 बालक वर्ग में पी.एन. नेशनल पब्लिक स्कूल, सदर, गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) ने प्रथम, आर्मी पब्लिक स्कूल, शंकर विहार, नई दिल्ली ने द्वितीय तथा आदर्श इंटरनेशनल स्कूल, नया रायपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय के चेयरमैन श्री सुरजीत सिंह ग्रोवर ने सभी विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं विद्यालयों को बधाई देते हुए कहा कि यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता केवल खेल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि अनुशासन, समर्पण, राष्ट्रीय एकता और उत्कृष्टता का उत्सव रही। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी तकनीकी अधिकारियों, रेफरी, निर्णायकों, प्रशिक्षकों, टीम प्रबंधकों, स्वयंसेवकों एवं आयोजन समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अंडर-19 बालिका वर्ग में राष्ट्रीय ओवरऑल चैंपियन बनने की उपलब्धि विद्यालय परिवार, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों के सामूहिक समर्पण और अथक परिश्रम का परिणाम है।
उल्लेखनीय है कि 26 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के 22 राज्यों के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय दिया। सफल आयोजन, उत्कृष्ट व्यवस्थाओं और रोमांचक मुकाबलों के साथ सीबीएसई राष्ट्रीय फेंसिंग चैंपियनशिप–2026 का समापन विद्यालयी खेलों के क्षेत्र में एक नई मिसाल बन गया।

