रुद्रपुर। माननीय आबकारी आयुक्त एवं जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर के निर्देशानुसार जिला आबकारी अधिकारी महेन्द्र सिंह बिष्ट के निर्देशन में अवैध कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की।
प्राप्त शिकायत के आधार पर आबकारी विभाग की क्षेत्र-01 रुद्रपुर टीम ने शास्त्रीनगर गड्ढा कॉलोनी में छापेमारी की। इस दौरान अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के अड्डों पर कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं के घरों से भारी मात्रा में अवैध कच्ची शराब बरामद की गई।
छापेमारी के दौरान गुरनाम कौर पत्नी प्रेम सिंह के घर से 500 एमएल क्षमता के 24 पाउच, कुल 12 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। वहीं रूपिंदर कौर पत्नी किशन सिंह के घर से 500 एमएल क्षमता के 42 पाउच, कुल 21 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई।
दोनों आरोपितों के विरुद्ध उत्तराखंड आबकारी अधिनियम की धारा 60 सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस अभियान का नेतृत्व आबकारी निरीक्षक सोनू सिंह ने किया। कार्रवाई में प्रधान आबकारी सिपाही दीपक, संतोष, विकास तथा आबकारी सिपाही राजेंद्र, वीरेंद्र, रोशनी सहित अन्य विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
