Spread the love

रूद्रपुर कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में 993 रुपये की भारी बढ़ोतरी पर व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने तीखा आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह बढ़ोतरी व्यापारियों के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं है और इसका सीधा असर छोटे व मध्यम वर्गीय कारोबारियों पर पड़ेगा, आम उपभोक्ता को भी खाने-पीने की चीजों में भारी कीमत चुकानी पड़ेगी

व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने कहा कि होटल, रेस्टोरेंट, चाट-टिक्की के ठेले जैसे छोटे व्यवसाय इस बढ़ोतरी के कारण बंदी के कगार पर पहुंच सकते हैं। पहले से ही बढ़ती महंगाई और घटती आमदनी के बीच व्यापारियों के लिए खर्च निकालना मुश्किल हो रहा है, ऐसे में गैस सिलेंडर की कीमतों में इतनी बड़ी वृद्धि ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है।

उन्होंने आगे कहा कि इसका असर केवल व्यापारियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आम जनता की जेब पर भी सीधा बोझ पड़ेगा। खाद्य पदार्थों के दामो मे भारी बढ़ोतरी होगी , जिससे हर वर्ग प्रभावित होगा।

साथ ही 5 किलो वाले छोटू सिलेंडर में 261 रुपये की बढ़ोतरी को लेकर भी उन्होंने चिंता जताई और कहा कि इससे निम्न वर्ग एवं नौकरीपेशा लोगों पर भारी आर्थिक दबाव पड़ेगा।

जुनेजा ने केंद्र सरकार से मांग की है कि इस बढ़ोतरी को तुरंत वापस लिया जाए, अन्यथा व्यापारी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

You cannot copy content of this page