Spread the love



एनडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा, कई लोगों ने आंखों में जलन व चक्कर आने की शिकायत की
गदरपुर। नगर के राजकीय इंटर कॉलेज के सामने स्थित एक बर्फ फैक्ट्री में गुरुवार को अमोनिया गैस का रिसाव होने से अफरा-तफरी मच गई। गैस रिसाव रोकने के प्रयास के दौरान एक मैकेनिक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची तथा स्थिति को नियंत्रित किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फैक्ट्री में अमोनिया गैस का वाल्व लीक होने से गैस का रिसाव शुरू हो गया। रिसाव रोकने के लिए मैकेनिक को बुलाया गया, लेकिन कार्य के दौरान उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। बाद में कर्मचारियों और तकनीकी टीम ने वाल्व बदलकर गैस रिसाव पर काबू पा लिया।
स्थानीय व्यक्ति सगीर अहमद ने बताया कि फैक्ट्री में बर्फ ढुलाई का कार्य किया जाता है। वाल्व में खराबी आने के कारण अमोनिया गैस का रिसाव हुआ था, जिसे बाद में बदल दिया गया।
उपजिलाधिकारी (एसडीएम) गदरपुर विकास सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस एवं एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई थी। स्थिति पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है, जबकि कुछ लोगों ने आंखों में जलन और चक्कर आने की शिकायत की है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गदरपुर की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अंजु गिरी ने बताया कि जिस व्यक्ति को अस्पताल लाया गया था, उसकी पल्स नहीं चल रही थी और चिकित्सकीय परीक्षण में उसे मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस एवं प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं।

You cannot copy content of this page