Spread the love

सितारगंज:(अश्वनी दीक्षित)तहसील सितारगंज क्षेत्र के लगे मंडी में गेहूं खरीद केंद्रों की व्यवस्था को लेकर किसानों का आक्रोश खुलकर सामने आया, जब भाजपा किसान मोर्चा के जिला महामंत्री अतेंद्र सिंह भुल्लर के नेतृत्व में किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य विपणन अधिकारी विनय चौधरी को ज्ञापन सौंपते हुए व्यवस्थाओं में सुधार की मांग उठाई। किसानों ने साफ शब्दों में कहा कि यदि समय रहते मंडियों की व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं की गईं तो हालात ओर गंभीर हो सकते हैं। भुल्लर ने ज्ञापन के माध्यम से अधिकारियों को अवगत कराया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी बारदाना (बोरी) की कमी, तुलाई में देरी और अव्यवस्थित प्रवेश व्यवस्था किसानों के लिए बड़ी परेशानी बन सकती है, इसलिए पिछले वर्ष की भांति अग्रिम रूप से पर्याप्त बारदाना उपलब्ध कराया जाए और गेहूं खरीद प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए। उन्होंने यह भी मांग रखी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को मंडी गेट पर ही टोकन देकर चरणबद्ध तरीके से प्रवेश दिया जाए, जिससे अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था पर नियंत्रण पाया जा सके। इसके अलावा किसानों के लिए मंडियों में स्वच्छ पेयजल, बैठने और विश्राम की समुचित व्यवस्था, छाया की सुविधा तथा शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं तत्काल प्रभाव से सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। भुल्लर ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि प्रशासन ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया तो किसानों को मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस दौरान जी.एस. बेदी, एसएमआई विनय चौधरी सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे और सभी ने एक स्वर में किसानों के हितों की रक्षा के लिए एकजुट रहने का संकल्प लिया।

You cannot copy content of this page