पंतनगर। 19 नवंबर 2026। गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर के 67वें स्थापना सप्ताह के अंतर्गत आज प्रातः 7ः30 बजे शारीरिक शिक्षा अनुभाग द्वारा ‘रन फॉर यूनिवर्सिटी’ का आयोजन किया गया। स्टीवेन्सन स्टेडियम से गांधी पार्क तक आयोजित इस दौड़ में विश्वविद्यालय के अधिष्ठाताओं, निदेशकों, संकाय सदस्यों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में अधिष्ठाता छात्र कल्याण डा. विपिन चन्द्र ध्यानी एवं सह निदेशक शारीरिक शिक्षा एवं सह अधिष्ठाता छात्र कल्याण डा. पूनम त्यागी द्वारा मुख्य अतिथि कुलपति डा. शिवेन्द्र कुमार कश्यप का स्वागत किया।

कुलपति ने सभी प्रतिभागियों को विश्वविद्यालय के 67वें स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए दौड़ का शुभारंभ किया। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रतिदिन कम से कम 5 से 10 मिनट शारीरिक फिटनेस के लिए निकालने तथा दौड़, योग, सूर्य नमस्कार एवं पैदल चलने को दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नियमित शारीरिक गतिविधियां शरीर को स्वस्थ रखने के साथ ऊर्जा, स्फूर्ति, सहनशक्ति और आत्मविश्वास बढ़ाती हैं। उन्होंने कहा कि रन फॉर यूनिवर्सिटी का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना है। दौड़ में जीतने से अधिक महत्वपूर्ण उसमें भाग लेना और उसे पूरा करना है। इस दौरान विद्यार्थियों गौरव पलड़िया एवं मेहक रावत ने भी अपने अनुभव साझा किए।

कार्यक्रम का आयोजन डा. विपिन चन्द्र ध्यानी के मार्गदर्शन में डा. पूनम त्यागी, डा. एच.एस. पपोला एवं डा. भास्कर तिवारी द्वारा किया गया। आयोजन में निदेशालय संचार, सुरक्षा विभाग, विश्वविद्यालय चिकित्सालय एवं शारीरिक शिक्षा अनुभाग के कर्मचारियों ने सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने गांधी हॉल में जलपान ग्रहण किया।