रुद्रपुर। सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रुद्रपुर की मेजबानी में आयोजित कुमाऊं विश्वविद्यालय अंतर-महाविद्यालयी बैडमिंटन (पुरुष) प्रतियोगिता-2026 में डीएसबी परिसर, कुमाऊं विश्वविद्यालय, नैनीताल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। वहीं, राधे हरि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, काशीपुर की टीम उपविजेता रही।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि जिला क्रीड़ा अधिकारी, नैनीताल डॉ. निर्मला पंत ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों के खेल कौशल, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें आगामी अंतर-विश्वविद्यालयी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता में विजेता डीएसबी परिसर, नैनीताल की टीम में हेमंत, यासीन, हर्ष, हर्षवर्धन और सुजल शामिल रहे। वहीं, उपविजेता राधे हरि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, काशीपुर की टीम में शिखर, देवाश्य, दक्ष, आदित्य और अभिषेक ने प्रतिभाग किया।
इस प्रतियोगिता में कुमाऊं मंडल के नौ महाविद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया। इनमें डीएसबी परिसर नैनीताल, एमबी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय हल्द्वानी, एसबीएस राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रुद्रपुर, राधे हरि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय काशीपुर, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बाजपुर, सितारगंज, हल्दूचौड़ और खटीमा तथा पीएनजी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रामनगर की टीमें शामिल रहीं।
प्रतियोगिता का सफल आयोजन एसबीएस राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रुद्रपुर के शारीरिक शिक्षा विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. रुचि साह के निर्देशन में किया गया। प्रतियोगिता में कुमाऊं विश्वविद्यालय, नैनीताल के पूर्व क्रीड़ा अधिकारी डॉ. नागेंद्र शर्मा ने चयनकर्ता की भूमिका निभाई, जबकि श्री गोविंद बिनवाल ने मुख्य निर्णायक के रूप में मैचों का निष्पक्ष संचालन किया। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. राहुल चंद्रा ने किया।
इस अवसर पर एमबी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हल्द्वानी से डॉ. ललित मोहन तिवारी और डॉ. जगदीश प्रसाद सहित विभिन्न महाविद्यालयों से आए टीम मैनेजर, प्राध्यापक, खिलाड़ी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


