दो जलती भट्ठियां पकड़ीं, 65 लीटर कच्ची शराब बरामद; अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

काशीपुर, 2 नवंबर। जनपद ऊधम सिंह नगर में अवैध कच्ची शराब के निर्माण, बिक्री और भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग का विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में क्षेत्र-3 काशीपुर की आबकारी टीम ने ग्राम खाईखेड़ा के पास नाले पर दबिश देकर अवैध शराब बनाने के ठिकाने का खुलासा किया।

आबकारी आयुक्त के आदेश तथा जिला आबकारी अधिकारी ऊधम सिंह नगर के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के दौरान मौके पर कच्ची शराब बनाने के लिए संचालित दो जलती हुई भट्ठियां मिलीं। टीम ने शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों के साथ करीब 6000 किलोग्राम लहन मौके पर ही नष्ट कर दिया।

वहीं, आसपास के क्षेत्र में तलाशी के दौरान टीम ने 65 लीटर कच्ची शराब बरामद की। मामले में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत अभियोग दर्ज किया गया है।

आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब बनाने वालों में हड़कंप मचने की संभावना है।