धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों में शामिल होकर विधायक ने बच्चों को किया सम्मानित, बंगाली समाज की समृद्ध परंपरा और भव्य पंडालों बने आकर्षण का केंद्र
रुद्रपुर। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में चारों ओर मां दुर्गा की भक्ति, आस्था और उल्लास का अनुपम संगम देखने को मिल रहा है। जगह-जगह सजे भव्य दुर्गा पूजा पंडालों में श्रद्धालु मां भगवती के दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना कर रहे हैं। इसी भक्तिमय वातावरण के बीच क्षेत्रीय विधायक शिव अरोरा ने विभिन्न स्थानों पर आयोजित श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा महोत्सव में पहुंचकर मां दुर्गा के चरणों में शीश नवाया और क्षेत्रवासियों के सुख, शांति एवं मंगलमय जीवन की प्रार्थना की।
विधायक शिव अरोरा ट्रांजिट कैंप, रविंद्रनगर, रमपुरा तथा पिपलिया नंबर-1 में आयोजित दुर्गा पूजा कार्यक्रमों में शामिल हुए। प्रत्येक पंडाल में श्रद्धालुओं की आस्था, उत्साह और भक्ति का विशेष दृश्य देखने को मिला। मां दुर्गा की मनमोहक प्रतिमाओं, आकर्षक सजावट और पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक रंग में सराबोर कर दिया।
इन आयोजनों के दौरान विधायक ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। साथ ही दुर्गा पूजा के उपलक्ष्य में आयोजित धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया। बच्चों की प्रतिभा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि नवरात्रि का पावन पर्व शक्ति, श्रद्धा और भक्ति का प्रतीक है। मां दुर्गा की आराधना हमें अधर्म पर धर्म, अन्याय पर न्याय और बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश देती है। इन दिनों रुद्रपुर में चारों ओर मां दुर्गा के भव्य पंडाल सजे हुए हैं, जिनमें बंगाली समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक परंपराओं की सुंदर झलक दिखाई दे रही है। पंडालों की भव्यता, आकर्षक प्रतिमाएं और श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता है।
उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव और सांस्कृतिक विरासत को संजोने का भी पर्व है। ऐसे आयोजनों में सभी समाजों की सहभागिता हमारी सांस्कृतिक एकजुटता को और मजबूत करती है। उन्होंने मां दुर्गा से समस्त क्षेत्रवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य बनाए रखने की कामना की।
इस दौरान दुर्गा पूजा कार्यक्रमों में पूर्व पालिका अध्यक्ष मीना शर्मा, अनिल शर्मा, दिलीप अधिकारी, तरुण दत्ता, शंकर विश्वास, विधान राय, बॉबी दास, पार्षद विष्णु, सुनील यादव, सुनील सिंह, डंपी चोपड़ा, विपुल गाइन, संजय हलदार, नंदू बर्मन, जगदीश विश्वास, ओमियो विश्वास, विजय डे, चौखेलाल गंगवार, वीरेंद्र तिवारी, नन्दलाल, मनीष ग्रोवर सहित अनेक श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
