Spread the love

सितारगंज:(अश्वनी दीक्षित)नगर के वार्ड नंबर 1 स्थित दादी मां कॉलोनी की हुसैनी मस्जिद में तकमील-ए-कुरआन के पवित्र और रूहानी मौके पर ऐसा यादगार कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसने पूरे इलाके में भाईचारे, मोहब्बत और दीनदारी का खूबसूरत संदेश दिया। बड़ी संख्या में बस्ती के लोग एकत्रित हुए और कुरआन पाक की तकमील की खुशी में शामिल होकर अपनी अकीदत का इज़हार किया। इस अवसर पर मस्जिद के अध्यक्ष एडवोकेट मुशीर अहमद लारी और बस्ती के जिम्मेदार लोगों ने समाज में दीन-ए-इस्लाम की तालीम और सेवा में अहम भूमिका निभाने वाले मौलाना सैयद महबूब अली को सम्मानित करते हुए उन्हें बतौर तोहफा एक इलेक्ट्रिक स्कूटी भेंट की, जिससे माहौल तालियों और दुआओं से गूंज उठा। कार्यक्रम में कुरआन पाक सुनाने और सुनने वाले हाफिजों को भी विशेष इनाम और नजराना देकर उनकी हौसला-अफजाई की गई। मौजूद उलेमा-ए-किराम और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि इमामों और दीन के खिदमतगारों का सम्मान नई पीढ़ी में भी दीन से मोहब्बत और अच्छे संस्कार पैदा करता है तथा समाज में भाईचारा और एकता को मजबूत बनाता है। बताया गया कि सितारगंज विधानसभा क्षेत्र और आसपास के इलाकों में यह पहला अवसर है जब किसी इमाम को इस तरह सामूहिक रूप से सम्मानित किया गया, जिससे लोगों में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में मौलाना सैयद महबूब अली ने सभी का आभार जताते हुए बस्ती की खुशहाली, आपसी प्रेम और एकता के लिए दुआ की, वहीं लोगों ने भी दुआ की कि यह नेक पहल आगे भी जारी रहे और समाज में भलाई और सद्भाव का सिलसिला यूं ही बढ़ता रहे।

You cannot copy content of this page