
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने दिया एक सप्ताह में निर्माण शुरू कराने का अल्टीमेटम
रुद्रपुर। महतोष से नवाबगंज तक लगभग चार किलोमीटर लंबे मार्ग का निर्माण वर्षों से लंबित होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने रविवार को रतनपुरी स्थित शिव मंदिर के पास एकत्र होकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य मार्ग पर धरना देकर कई घंटे तक जाम लगा दिया। ग्रामीणों के आंदोलन को समर्थन देने पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल भी मौके पर पहुंचे और सरकार व क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की।
ग्रामीणों का आरोप है कि महतोष–नवाबगंज मार्ग की हालत अब चलने लायक भी नहीं रह गई है। सबसे विडंबनापूर्ण बात यह है कि इस मार्ग का जनप्रतिनिधियों द्वारा औपचारिक शिलान्यास भी किया जा चुका है, लेकिन मौके पर शिलापट्ट लगने के बावजूद धरातल पर निर्माण कार्य एक इंच भी आगे नहीं बढ़ा। प्रदर्शनकारियों ने रोष जताते हुए कहा कि नेता केवल नारियल फोड़ने और फीता काटने तक सीमित रह गए हैं, जबकि क्षेत्रीय जनता धूल, कीचड़ और जानलेवा गड्ढों के बीच परेशानियों का सामना कर रही है।
रतनपुरी, रतनपुरा, अलखदेवी, महतोष, संजय नगर और नवाबगंज से आए ग्रामीणों ने बताया कि इस जर्जर सड़क पर दिन-रात भारी डंपर और ट्रक गुजरते हैं, जिससे मार्ग जगह-जगह बड़े-बड़े खड्डों में तब्दील हो चुका है। आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं के कारण इस सड़क पर आवागमन करना जोखिम भरा हो गया है।
दोपहर बाद लोक निर्माण विभाग के जूनियर इंजीनियर हरीश बसेड़ा और सचिन नौटियाल मौके पर पहुंचे, जहां पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में ग्रामीणों ने उनका घेराव कर नाराजगी जताई। ठुकराल ने शासन-प्रशासन की उदासीनता पर सवाल उठाते हुए कहा कि शिलान्यास के बाद भी बजट और निर्माण कार्य का अता-पता न होना प्रशासनिक विफलता को दर्शाता है।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, तो वे ग्रामीणों के साथ मिलकर लोक निर्माण विभाग के कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना देंगे।
इस दौरान लोनिवि अधिकारियों ने जल्द से जल्द निर्माण प्रक्रिया शुरू कराने का आश्वासन दिया।
धरना-प्रदर्शन में ग्राम प्रधान प्रदीप सिंह बतरा, उज्ज्वल सिंह, मुख्त्यार सिंह, प्रदीप सिंह, भजनीक सिंह, गुरदीप सिंह, गगनदीप सिंह, सरदार सिंह, बलविंदर सिंह, भूपेंद्र सिंह, मलकीत सिंह, मंजीत सिंह, गुरबाज सिंह, रणजीत सिंह, पवनदीप, रामपाल, लालचंद्र, जोगेंद्र सिंह, बलिहार सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।










