Spread the love

सितारगंज:(अश्वनी दीक्षित) रतन फार्म स्थित नेताजी सरस्वती शिशु मंदिर पूर्व माध्यमिक विद्यालय में आयोजित भव्य वार्षिकोत्सव समारोह में मुख्य अतिथि प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि विद्या भारती द्वारा संचालित शिशु मंदिर विद्यालय बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला हैं और एक अच्छी शिक्षा ही जीवन को नई दिशा देती है। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि जगदीश डालमिया तथा कार्यक्रम अध्यक्ष नगर पंचायत अध्यक्ष सुमित मंडल ने मां भारती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया। अपने संबोधन में बहुगुणा ने विद्यालय परिवार की मांग पर छात्र संख्या के अनुरूप सीएसआर फंड से निर्माण कार्य कराने की सहमति देकर बड़ी सौगात दी। विशिष्ट अतिथि दुर्गेश मोहन गोयल ने पूर्व में पांच कक्षाओं में दिए गए स्मार्ट फर्नीचर का उल्लेख करते हुए आगामी सत्र में पांच और कक्षाओं के लिए फर्नीचर उपलब्ध कराने की घोषणा की। वरिष्ठ व्याख्याता मनोज जोशी ने मार्गदर्शक उद्बोधन में विद्यार्थियों को सफलता के लिए अनुशासन और नियमित अध्ययन के टिप्स दिए, जबकि कार्यक्रम अध्यक्ष सुमित मंडल ने विद्यालय की स्वच्छता व्यवस्था के लिए नियमित सफाई वाहन भेजने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति एवं उत्तराखंड की लोक परंपराओं पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया, जिनकी मनमोहक झलक ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में अध्यक्ष शीतल सिंघल, प्रबंधक महेश मित्तल, ग्राम प्रधान राजनगर संगीता दे, ग्राम प्रधान अरविंदनगर दीपा घरामी, ग्राम प्रधान निर्मल नगर नमिता मंडल, प्रधानाचार्य निताई मंडल सहित अनेक गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

You cannot copy content of this page