Spread the love

बाजपुर। बाजपुर स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद यादव ने प्रेस वार्ता कर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के बयान पर कड़ा प्रतिवाद किया।अरविंद यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी को “हत्यारी पार्टी” कहना भाजपा की राजनीतिक हताशा और निराशा को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में बेरोजगारी, महँगाई, अव्यवस्था और किसानों की उपेक्षा जैसे गंभीर मुद्दों पर विफल रहने के कारण भाजपा जनता के वास्तविक सवालों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। युवाओं को रोजगार से वंचित रखना और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य न देना भी उनके अधिकारों की हत्या के समान है।प्रेस वार्ता में उन्होंने अंकिता भंडारी प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि इस जघन्य घटना ने समूचे उत्तराखंड को झकझोर दिया था। उस समय प्रदेश में भाजपा की सरकार थी, इसलिए कानून-व्यवस्था की विफलता और प्रभावशाली व्यक्तियों पर कार्रवाई में विलंब के लिए सरकार की नैतिक जिम्मेदारी बनती है। जब तक निष्पक्ष और पारदर्शी जाँच कर दोषियों को कठोर दंड नहीं दिया जाता, तब तक जनता का विश्वास पूरी तरह बहाल नहीं हो सकता।
अरविंद यादव ने आगे कहा कि समाजवादी पार्टी के संरक्षक एवं पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव को देश के उच्च नागरिक सम्मान से अलंकृत किया गया है। ऐसे सम्मानित व्यक्तित्व से जुड़ी पार्टी के विरुद्ध अमर्यादित भाषा का प्रयोग न केवल समाजवादी विचारधारा, बल्कि राष्ट्रीय सम्मान का भी अपमान है।उन्होंने मांग की कि यदि भाजपा नेतृत्व को अपने शब्दों पर नियंत्रण नहीं है, तो उन्हें सार्वजनिक रूप से क्षमा याचना करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता सब कुछ देख रही है और नफरत एवं भ्रामक राजनीति का लोकतांत्रिक तरीके से उत्तर देना जानती है।
प्रेस वार्ता में यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष अमित कुमार, दीपक कुमार, विशाल यादव और नितिन दिवाकर भी मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page