
वक्ताओं ने हिंदू समाज को एकजुट होने का किया आह्वान


गदरपुर । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के गौरवशाली 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को गदरपुर के आवास विकास स्थित डॉ. हेडगेवार पार्क में ‘सकल हिंदू समाज’ के तत्वावधान में एक भव्य हिंदू
सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गदरपुर नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से सैंकड़ों श्रद्धालुओं, समाजसेवियों और गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर सांस्कृतिक एकजुटता का परिचय दिया।
कार्यक्रम में विशेष रूप से भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा की गरिमामयी उपस्थिति रही। गुंजन सुखीजा ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सम्मेलन समाज को एक सूत्र में पिरोने का कार्य करते हैं और राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य वक्ता सहारनपुर के प्रसिद्ध कथावाचक आचार्य देशमुख वशिष्ठ,ब्रह्मकुमारी संस्थान से ज्योति बहन,एकल विद्यालय के क्षेत्र संगठन मंत्री अरविंद एवं भाजपा प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भव्य हवन-यज्ञ संपन्न हुआ,जिसमें उपस्थित जनसमूह ने राष्ट्र की सुख-समृद्धि और सामाजिक समरसता की कामना की।
सम्मेलन में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय कलाकारों ने देशभक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।
मुख्य वक्ता आचार्य देशमुख वशिष्ठ ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि संगठित समाज ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला है। गुंजन सुखीजा ने अपने संबोधन में सनातन संस्कृति,सामाजिक समरसता और युवाओं की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि जब समाज के सभी वर्ग एकजुट होकर कार्य करेंगे,तभी एक शक्तिशाली और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण संभव होगा।
किस दौरान पालिकाध्यक्ष मनोज कुमार,पूर्व पालिकाध्यक्ष अंजू भुड्डी, सुभाष गुंबर सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।









