
रुद्रपुर क्षेत्र में 22 फरवरी 2026 को दो भव्य हिन्दू सम्मेलनों का आयोजन श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकता के भाव के साथ सम्पन्न हुआ। फुलसूंगा, सुभाष उपनगर में आयोजित विराट हिन्दू सम्मेलन तथा देव होम्स एलाइट में आयोजित हिन्दू सम्मेलन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, संत समाज एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।
फुलसूंगा, सुभाष उपनगर में आयोजित सम्मेलन में हरिद्वार से पधारे पूज्य संत दिगंबर मणिराज पुरी एवं शिव गिरी (जूना अखाड़ा) ने अपने आशीर्वचन प्रदान किए। मुख्य वक्ता मिथिलेश शांडिल्य ने अपने ओजस्वी संबोधन में हिन्दू समाज की एकता, संगठन और युवा शक्ति के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपेंद्र गिरी ने की। कार्यक्रम संयोजक मनोज ठाकुर एवं सहसंयोजक रोहित भट्ट रहे। मंच संचालन चन्दन भट्ट द्वारा किया गया तथा राहुल तिवारी का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा एवं किच्छा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला की गरिमामयी उपस्थिति रही।
वहीं देव होम्स एलाइट में आयोजित हिन्दू सम्मेलन में संत समाज से पूज्य श्री दूधिया बाबा, स्वाति दीदी एवं जगबंधु जी महाराज ने राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता, युवा जागरण एवं संस्कृति संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने बताया कि सनातन परंपरा ने सदैव “वसुधैव कुटुम्बकम्” का संदेश दिया है और समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य किया है।
देव होम्स एलाइट कार्यक्रम के संयोजक विपिन सिंह गहलौत (बिट्टू चौहान) रहे, जबकि सहसंयोजक जीतेन्द्र संधू, विजय बहादुर, निशांत गुप्ता, राजेंद्र सिंह, सचिन शर्मा एवं मोर सिंह यादव सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
दोनों कार्यक्रमों का समापन राष्ट्र, धर्म एवं समाज की एकता के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।j










