
गदरपुर। भाजपा प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा द्वारा झगडपुरी चौक स्थित नेशनल हाईवे 74, पर शिवभक्तों की सेवा हेतु भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। सावन/कांवड़ यात्रा के दौरान आयोजित इस सेवा कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिवभक्तों, राहगीरों एवं स्थानीय श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा ने अपने परिवारजनों एवं क्षेत्रीय जनता के साथ मिलकर पूरे श्रद्धाभाव से भंडारे का संचालन किया। कार्यक्रम स्थल पर शिवभक्तों के लिए भोजन, जलपान एवं विश्राम की विशेष व्यवस्थाएँ की गईं,जिससे यात्रा कर रहे कांवड़ियों को काफी राहत मिली।
इस अवसर पर एसडीएम ऋचा सिंह,तहसीलदार लीना चंद्रा,पालिकाध्यक्ष मनोज गुंबर सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने सेवा कार्य की सराहना करते हुए इसे सामाजिक सद्भाव और धार्मिक आस्था का सुंदर उदाहरण बताया।प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा ने कहा कि शिवभक्तों की सेवा करना सौभाग्य की बात है और भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे। कार्यक्रम में जनता की भारी सहभागिता देखने को मिली, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।वहीं शिव मंदिर सती मठ मंदिर, सनातन धर्म मंदिर ,पुरातन सनातन मंदिर, राम मंदिर, शिव पार्वती मंदिर, बापू मंदिर, रामबाग के मंदिर सहित अन्य क्षेत्रों में भी शिवरात्रि पर्व पर आगंतुक कांवरियों की सेवा के लिए श्रद्धा भावना से इंतजाम किए गए। पुलिस प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात सुचारू रखने के लिए सजग रहा।












